राम मंदिर का उद्घाटन राष्ट्रपति से क्यों नहीं करवाया:केजरीवाल बोले-क्योंकि वे आदिवासी हैं,झारखंड से बीजेपी को 1 सीट भी मिली तो दमन और बढ़ेगा

Front-Page Loksabha Election National Politics

जमशेदपुर:-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज जमशेदपुर पहुंचे है। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर का उद्घाटन हुआ तो पूरे देश ने जश्न मनाया, मंदिर का उद्घाटन राष्ट्रपति को करना चाहिए था। प्रधानमंत्री को भी होना चाहिए था, लेकिन राष्ट्रपति को क्यों नहीं बुलाया? क्योंकि वे आदिवासी हैं।

केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा को 1 भी सीट झारखंड से मिली तो यह दमन और बढ़ेगा। अगर आपने कमल का बटन दबाया तो हेमंत सोरेन को जेल में रहना पड़ेगा। लेकिन, अगर आपने INDIA गठबंधन का बटन दबाया तो 4 जून को नतीजे आएंगे और 5 जून को हेमंत सोरेन जेल से बाहर आएंगे।

मोदी जी ने बहुत कोशिश, मुझे बेल ना मिले

अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि मैं जेल से सीधा आप लोगों के बीच आ रहा हूं। एक दिन मैं जेल के सेल में बैठा था। वहां हर सेल में टीवी उपलब्ध है। टीवी में देखा सुप्रीम कोर्ट ने मुझे चुनाव प्रचार करने की मोहलत दे दी। मैं तो हैरान था। मोदी जी ने कितनी कोशिश की, कि मुझे बेल ना मिले। मेरे ऊपर बजरंग बली का आशीर्वाद है।

ना दिल्ली की सरकार, ना पंजाब की सरकार गिरी

केजरीवाल ने कहा, अब झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन जी जेल में हैं। मोदी जी ने जिस मंशा से मुझे और हेमंत जी को जेल में डाला था। उनकी सोच थी कि मेरी पार्टी टूट जाएगी। सरकार गिर जाएगी। विधायक खरीद लूंगा। JMM तोड़ दूंगा। विधायक खरीद लूंगा। पूरा उल्टा हुआ। भगवान सब देख रहा है। दिल्ली के अंदर पार्टी के बिखरने की बजाय हम सब एकजुट हो गए। ना दिल्ली की सरकार गिरी। ना पंजाब की सरकार गिरी।

केजरीवाल ने ड्रम पर हाथ आजमाया

अरविंद केजरीवाल इंडी गठबंधन के प्रत्याशी समीर कुमार मोहंती के पक्ष में वोट की अपील करने के लिए जमशेदपुर पहुंचे है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जमशेदपुर में चुनाव प्रचार के दौरान अपने सार्वजनिक संबोधन के बाद ड्रम पर हाथ भी आजमाया।

केजरीवाल का जमशेदपुर से पुराना रिश्ता

केजरीवाल का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस वक्त जेल में हैं। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री जमानत पर चुनावी प्रचार के लिए बाहर हैं। इस दौरे की दूसरी सबसे बड़ी वजह है कि केजरीवाल का जमशेदपुर से पुराना रिश्ता है।

जमशेदपुर ही वो जगह है, जहां अरविंद केजरीवाल टाटा स्टील में बतौर इंजीनियर काम कर चुके हैं। अपने दौरे के दौरान केजरीवाल अपने पुराने सह कर्मियों से इंडी गठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे।

जमशेदपुर से हुई थी करियर की शुरुआत

अरविंद केजरीवाल ने करीब तीन वर्षों तक जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील में काम किया था। आईआईटी खड़गपुर से पास होने के बाद उन्होंने अपने करियर की शुरुआत यही से की थी। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में टाटा स्टील और टाटा ग्रुप की अन्य कंपनियों में हजारों की संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। इन कंपनियों में काम करने वालों का वोट अहम है। इस वोट को साधने के लिए केजरीवाल का जमशेदपुर दौरा अहम साबित हो सकता हैं।

केजरीवाल के जमशेदपुर दौरा के मायने

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन इस वक्त जेल में है, जबकि अरविंद केजरीवाल इस वक्त जेल से बाहर हैं। जेल के अंदर की बात और हालात को वो जनता को सामने रखेंगे, जिससे एक माहौल तैयार होने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल लोकसभा चुनाव में अपनी पुरानी कंपनी के कर्मचारियों की भूमिका को अच्छी तरह से समझते हैं।