आगरा में ताजमहल तक पहुंचा यमुना का पानी:दिल्ली के बाद मथुरा में नदी उफान पर,52 घर डूबे;कुल्लू में बादल फटा,एक की मौत

Front-Page National

नई दिल्ली:-दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने के बाद एक बार फिर बढ़ने लगा है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश के आगरा-मथुरा के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

यमुना का पानी आगरा में ताजमहल तक आ चुका है। मथुरा में यमुना डेंजर लेवल से 1 मीटर ऊपर बह रही है। इसके चलते नदी के आस-पास के मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए हैं।

वहीं 52 कॉलोनियों में भी पानी भर गया है। NDRF ने अब तक 500 लोगों को सुरक्षित राहत शिविर में पहुंचाया है। इसके अलावा अभी भी बहुत सारे लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं।

सोमवार सुबह हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के कायस गांव में बादल फट गया। इससे एक की मौत हो गई और 3 घायल हैं। 9 गाड़ियां पानी में बह गईं।

कुल्लू के ही खराहल में भी आधी रात को बादल फटा, नाले में बाढ़ से नेउली स्कूल और कई घरों में पानी भर गया। एक गाड़ी भी चपेट में आई है।

इधर, उत्तर रेलवे ने बताया कि अंबाला डिवीजन में जलजमाव के कारण 16 ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है, दो ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।

दिल्ली में बाढ़ से जुड़े अपडेट्स…

  • दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार होने पर भैरों मार्ग समेत कुछ सड़कें यातायात के लिए खोल दी गई हैं।
  • दिल्ली में दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी निकाल लिया गया है और मशीनों को सुखाने की प्रक्रिया चल रही है। सब ठीक रहा तो आज से वाटर सप्लाई शुरू हो जाएगी।
  • NDRF ने बताया कि बीते 2-3 दिनों में दिल्ली-NCR के बाढ़ प्रभावित इलाकों से 912 पशुओं समेत 6,345 लोगों को बचाया गया। बचाए गए पशुओं में देश का सबसे महंगा बैल प्रीतम भी शामिल है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: हिमाचल, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा, तेलंगाना, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: बिहार, पश्चिम बंगाल, पंजाब, सिक्किम, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, पांडुचेरी में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

अलग-अलग राज्यों के मौसम से जुड़े अपडेट्स..

  • हिमाचल प्रदेश में बाढ़ की वजह से जिन लोगों के घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं, उन्हें 1 लाख 45 हजार रुपए दिए गए हैं। वहीं, जिनके घरों का कुछ हिस्सा टूटा है, उन्हें 1 लाख रुपए दिए गए हैं।
  • हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 26 लोगों की मौत हो गई।
  • हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ा। वार्निंग लेवल 293 के पास पहुंचा।
  • उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ तक जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है।
  • UP के 11 जिलों की 17 तहसीलों में स्थित 386 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे 78 हजार लोग प्रभावित हैं।