योगी बोले-आटे के लिए लड़ रहा है पाकिस्तान:हिंदू को 2 और मुस्लिम मरेगा तो मुआवजा 25 लाख,ये कैसी भेदभाव की सरकार है?

Politics Rajasthan Rajasthan Elections 2023 Rajasthan-Others

सांचौर:-प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर अब 6 दिन बाकी है। इधर, बीजेपी-कांग्रेस नेताओं के दौरे शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को जालोर जिले के सांचौर से भाजपा के प्रत्याशी देवजी पटेल और आहोर से छगन सिंह राजपुरोहित के समर्थन में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा आयोजित की गई।

इस दौरान योगी बोले- पाकिस्तान एक किलो आटे के लिए लड़ रहा है। वहीं योगी के पहुंचने से पहले महाराष्ट्र के पूर्व विधायक राज के पुरोहित की जुबान फिसल गई। उन्होंने अशोक गहलोत पर तंज कसा। वे बोले- काहे के अशोक गहलोत जी, वो तो गैलाे (पागल) है। इस दौरान मंच पर किसी ने उन्हें टोका तो कहने लगे- मैं क्यों डरूं, कौनसा मेरा बाप लगता है।

बीजेपी नेता की फिसली जुबान​​​​​
योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर को भाजपा प्रत्याशी छगन सिंह राजपुरोहित के समर्थन में आहोर (जालोर) पहुंचे। सभा स्थल स्टेडियम में योगी के पहुंचने से पहले महाराष्ट्र के पूर्व विधायक राज के पुरोहित ने सभा में कहा कि लोग व मेरे साथ आए कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को अशोक जी-अशोक जी कहते हैं। काहे के जी, फसीयालों (जो शक्ल-सूरत से अच्छा नहीं हो), हैडालों (गंदा) अशोकियो गहलोत और काहे का गहलोत, यह तो गैलो है, जिसने राजस्थान को बर्बाद कर दिया। हिन्दुस्तान में राजस्थान का नाम वसुंधरा ने किया हैं। राज के पुरोहित की टिप्पणी पर पीछे खड़े संचालकों ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत कौनसा मेरा बाप लगता हैं, जो मैं उससे डरूं।

योगी ने कहा- कांग्रेस भेदभाव वाली सरकार

योगी ने कहा 1947 में भारत से ही अलग हुआ था पाकिस्तान, आज वहां 1 किलो आटे के लिए लोग लड़ रहे हैं। लोगों को आटा नहीं मिल रहा है और यहां मोदी जी साढ़े तीन साल से 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहे हैं। कन्हैया तेली की हत्या कर दी जाती है, सरकार मौन। यहां पर दोहरे कानून है। हिंदू मरेगा तो मुआवजा दो लाख रुपए बमुश्किल मिलता है, मुस्लिम मरेगा तो 25 लाख रुपए मिल जाएगा। ये कैसी सरकार है। ये भेदभाव करने वाली सरकार है। कांग्रेस विकास नहीं कर सकती, गरीबों का कल्याण नहीं कर सकती, आपकी आस्था का सम्मान भी नहीं कर सकती।

बूंदी में तो संत की हत्या कर दी, सरकार मौन। लोगों ने दस दिन तक बंद करके रखा। सरकार ने बैन कर दिया, कार्यक्रम नहीं होने दिए। जो सरकार पूजा-पाठ नहीं करने दे रही है। वो सरकार अयोध्या में राम मंदिर बना सकती है क्या? आज राम मंदिर बन रहा है, कोई संदेह है क्या? 22 जनवरी को रामलला भी 500 वर्षों में विराजमान होने वाले हैं। मोदी सरकार में पूर्वजों का संघर्ष रंग लाया है। इसलिए डबल इंजन की सरकार राजस्थान की आवश्यकता है।

गायों की सेवा से सांचौर की धरती देवतुल्य
योगी ने कहा कि जिस धरती पर गौमाता की सेवा होती है। वह देवताओं की भूमि होती है। इस बात के लिए इस धरा को नमन करता हूं। पथमेड़ा गौशाला में शरणानंद महाराज द्वारा लाखों गौमाताओं के संरक्षण का काम हो रहा है। इस कार्य को धरती ने देवतुल्य बना दिया है।

योगी ने देवजी का नाम लेते हुए कहा कि हम दोनों दिल्ली में साथ-साथ सांसद थे। बाद में मुझे उत्तर प्रदेश में माफियाओं को ठीक करने भेजा तो मैं वहां चला गया। लेकिन राजस्थान में केंद्र की योजनाओं का पैसा चंद कांग्रेस नेताओं की जेब में चला जाता है। जब अतिवृष्टि से नुकसान होता है, मुख्यमंत्री बाहर नहीं निकलते, कांग्रेसी नेता पिकनिक मनाने चले जाते है। जनता की सुध नहीं रहती।

कांग्रेस गरीबों को योजना देने में, आस्था के सम्मान में, गौ तस्करी रोकने में, बहन-बेटियों पर हो रहे अत्याचार को रोकने में पीछे है। विकास में आगे नहीं है। आज नंबर एक पर चर्चा होती है तो राजस्थान में इस बात पर चर्चा होती है। जो राजस्थान शौर्य के लिए जाना जाता था, आज अपराध और भ्रष्टाचार, साइबर क्राइम, गौ तस्करी, गरीबों की योजनाओं में हड़पने में एक नंबर पर है।

इससे पहले भाजपा प्रत्याशी देवजी पटेल ने कहा कि नर्मदा का पानी खेत-खेत में आएगा। मोदी का सिपाही हूं। मुझे आपका साथ चाहिए। कांग्रेस का कुशासन मिटाना है।

योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:20 बजे सांचौर में चुनावी सभा से बाड़मेर लिए रवाना हुए।

आहोर में चुनावी आमसभा के दौरान योगी ने कांग्रेस पर आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समस्या देती रही है। मोदी ने इसका रास्ता निकाला है। कांग्रेस योजनाओं से सामान्य और गरीब परिवारों को योजनाओं से वंचित करती है। मोदी ने सबका साथ और सबका विकास का नारा दिया। इसका परिणाम क्या रहा। चार करोड़ परिवारों को आवास मिला। 10 करोड़ गरीबों को निशुल्क गैस कनेक्शन मिला। देश के अंदर 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत से मेडिकल की सुविधा का लाभ मिल रहा है I

बिजली और पेट्रोल-डीजल की दरें सबसे ज्यादा राजस्थान में, पेपर लीक राजस्थान में, मंडी टैक्स यहां सबसे ज्यादा लिया जा रहा है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिलने के कारण सबसे ज्यादा आत्महत्याएं भी राजस्थान में हो रही है। पिछले पांच साल में कांग्रेस ने कहां पहुंचा दिया है राजस्थान को। नौजवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए बहादुरी के साथ देश के लिए लड़ता है।