18 आईपीएस अफसरों के तबादले,कई रेंज और विंग में फेरबदल

Jaipur Rajasthan

राजस्थान सरकार ने राज्यहित में 18 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक (क-1) विभाग की ओर से 23 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार ये बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) और महानिरीक्षक (IG) स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

डॉ. हवा सिंह घुमरिया को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (मुख्यालय), राजस्थान, जयपुर लगाया गया है। वहीं बिपिन कुमार पांडेय को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, अपराध शाखा, राजस्थान, जयपुर पद पर पदस्थापित किया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि वे अपने वर्तमान दायित्व के साथ अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) का अतिरिक्त कार्यभार भी अगले आदेश तक संभालेंगे।

इंटेलिजेंस, प्रशिक्षण, गृह रक्षा, एसओजी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, सीआईडी (सीबी) और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा रेंज में भी फेरबदल किया गया है।

राज्यपाल की मंजूरी से जारी इस आदेश की प्रति संबंधित विभागों और भारत सरकार के गृह मंत्रालय को भी भेजी गई है।सरकार का कहना है कि यह तबादले प्रशासनिक दृष्टि से और राज्यहित में किए गए हैं।