जयपुर, 26 फरवरी। गुरुवार को सवाई मान सिंह इंडोर स्टेडियम में शुरू हुई तीन दिवसीय 20वी ऑल इंडिया हनुमान सिंह महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप-2025-26 का उद्घाटन युवा मामले एवं खेल तथा उद्योग मंत्री, राजस्थान सरकार व ओलम्पिक रजत पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया। राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष ललित कुमार कलाल एवं मानद सचिव यश प्रताप सिंह तथा टूर्नामेंट में भाग ले रही प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य हैंडबॉल संघ के संरक्षक महेंद्र शर्मा एवं जय अहूजा भी मौजूद थे।
उद्घाटन के अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल तभी बेहतर होता है, जब खिलाडियों को मौका मिले, खिलाडी जितने ज्यादा मैच खेलेगें, उतना ही मैच टेम्परामेन्ट डवलप होगा। जब आप खेले तो स्कोर बोर्ड की ओर ना देखें और केवल अपने खेल पर ध्यान दे, सफलता मिली तो अच्छा है, नहीं मिली तो कल जरूर मिलेगी, लेकिन प्रयास कभी भी नहीं छोडना चाहिए। हमेशा रेफरी के निर्णय का सम्मान करें।
उन्होंने कहा कि जब में सेना में था तब मैंने हैंडबॉल भी खेलता था, आज सबके बीच उपस्थित होकर अच्छा लग रहा है। ऐसे खिलाडियों के बीच जिन्होनें अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि विगत दिनों जब कोचेस से संवाद कर रहा था तो उन्होंने प्रैक्टिस इंडोर हॉल की आवश्यकता जताई थी। इसके लिए हमने एक प्रस्ताव भिजवा दिया है मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जल्दी ही हैंडबॉल इंडोर प्रैक्टिस हॉल की घोषणा कर सकते है।
राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट में भाग ले रही प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
गत चैंपियन हिमाचल प्रदेश ने अपना विजयी अभियान शुरू करते हुए पंजाब को 24-19 (19-6) गोलो से हराया। मेजबान राजस्थान ने भी विजयी शुरुवात करते हुए आज अपने दोनों मैचों में जीत दर्ज की। पहले मैच में उन्होंने जहाँ उत्तर प्रदेश को 19-15 (10-9) से हराया। वही दूसरे मैच में सीआईएसएफ को 20-17 (07-07) से हराया।
समाचार लिखे जाने तक अन्य मैचों में एलपीयू-फगवाड़ा ने दिल्ली को एकतरफा मैच में 27-7 (15-1) से, गत उपविजेता उत्तर रेलवे ने बीएसएफ को 19-14 (10-5) से, सीआईएसएफ ने दिल्ली को 20-15 (11-9) से, बीएसएफ ने हरियाणा को 19-17 (11-08) से, नॉर्दर्न रेलवे ने पंजाब को 24-13 (17-08) से पराजित किया।
शुक्रवार को खेले जाने वाले मैच इस प्रकार है:- राजस्थान बनाम एलपीयू-फगवाड़ा, उत्तर प्रदेश बनाम सीआईएसएफ,
बीएसएफ बनाम हिमाचल प्रदेश, नॉर्दर्न रेलवे बनाम हरियाणा, उत्तर प्रदेश बनाम एलपीयू-फगवाड़ा, बीएसएफ बनाम पंजाब, हरियाणा बनाम हिमाचल प्रदेश, राजस्थान बनाम दिल्ली, सीआईएसएफ बनाम एलपीयू-फगवाड़ा
हरियाणा बनाम पंजाब।

