जयपुर। राउंड टेबल इंडिया,जयपुर पिंकसिटी राउंड टेबल 171 तथा अन्य सभी सहयोगी संस्थाओं द्वारा प्रायोजित फ्लाइट ऑफ लेगेसी कार्यक्रम के अंतर्गत कल 8 अगस्त को जयपुर के सांगानेर हवाई अड्डे से विभिन्न सरकारी स्कूलों के 31 बच्चे पहली बार हवाई जहाज से सपनों की उड़ान भरेंगे। इस कार्यक्रम के तहत हम जरूरतमंद बच्चों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव कराने जा रहे हैं। हमारे लिए यह सिर्फ एक यात्रा नहीं है, बल्कि बच्चों को बड़े सपने देखने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का प्रयास है।
8 अगस्त को बच्चे जयपुर से फ्लाइट द्वारा जेवर एयरपोर्ट पहुँचेंगे। वहाँ उनका स्वागत किया जाएगा और फिर बस द्वारा उन्हें राष्ट्रपति भवन ले जाया जाएगा।
राष्ट्रपति भवन में बच्चों को गाइडेड टूर कराया जाएगा। वहाँ वे हमारे देश के इतिहास, लोकतंत्र और राष्ट्रपति भवन के महत्व के बारे में जानेंगे। हमें विश्वास है कि यह अनुभव उनके लिए बहुत खास और प्रेरणादायक होगा।
इसके बाद सभी बच्चों को इंडिया गेट और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक दिखाया जाएगा, ताकि वे हमारे देश के वीर जवानों के साहस और बलिदान के बारे में भी जान सकें।
अंत में सभी बच्चे दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा वापस जयपुर लौटेंगे।
हमारा उद्देश्य बच्चों को सिर्फ घुमाना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसा अनुभव देना है, जो उन्हें लंबे समय तक याद रहे और उन्हें जीवन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा दे।हमें विश्वास है कि आपके सहयोग और मार्गदर्शन से यह कार्यक्रम और भी सफल बनेगा।
इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर से शिष्टाचार भेंट करने उनके जयपुर आवास पर पहुंचे बच्चों को शुभकामना संदेश देते हुए शिक्षा मंत्री, राजस्थान सरकार ने कहा कि आज फ्लाइट ऑफ फैंटेसी जैसे प्रेरणादायक कार्यक्रम का हिस्सा बनकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं राउंड टेबल इंडिया, जयपुर पिंकसिटी राउंड टेबल 171 तथा सभी सहयोगी संस्थाओं को इस अनूठी पहल के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ।
हमारी सरकार का स्पष्ट विश्वास है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के अवसर भी मिलने चाहिए। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि नए अनुभव, नए अवसर और नया आत्मविश्वास ही एक बच्चे के भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
आज जिन बच्चों के लिए यह पहली हवाई यात्रा है, उनके लिए यह केवल एक सफर नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने का अवसर है। जब एक बच्चा पहली बार आसमान में उड़ता है, तो उसके मन में यह विश्वास जन्म लेता है कि वह जीवन में किसी भी ऊँचाई को प्राप्त कर सकता है।
मैं जयपुर पिंकसिटी राउंड टेबल 171 के चेयरमैन त्रि. विदित अग्रवाल, सेक्रेटरी अमन अग्रवाल, एफओएफ संयोजक त्रि. मोहित बांगुर एवं एरिया एफओएफ संयोजक त्रि. जय अशोक पांड्या सहित सभी टेबलर्स और दानदाताओं को इस सराहनीय प्रयास के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में ऐसे सामाजिक प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसी प्रकार, हमारी राजस्थान सरकार भी शिक्षा, नवाचार और युवाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।
मैं बच्चों से कहना चाहता हूँ—
“आज आप केवल हवाई जहाज़ में नहीं बैठ रहे हैं, बल्कि अपने सपनों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की शुरुआत कर रहे हैं। खूब पढ़िए, बड़े सपने देखिए और विश्वास रखिए कि आने वाला भारत आपकी प्रतिभा और मेहनत से और भी मजबूत बनेगा।”
आइए, हम सभी मिलकर शिक्षित, सशक्त और विकसित राजस्थान के निर्माण का संकल्प लें।
इस अवसर पर बच्चों को प्रेरणा देने के लिए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का बच्चों के नाम संदेश भी रिकॉर्ड किया गया ।

