छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 6 चुनावी वादे:केजी से पीजी तक पढ़ाई फ्री,जातिगत जनगणना;राहुल बोले-BJP नहीं चाहती गरीब का बेटा अंग्रेजी बोले

Front-Page National Politics

भानुप्रतापपुर:-छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 6 चुनावी वादे किए हैं। पार्टी का कहना है कि राज्य में दोबारा सरकार बनते ही सरकारी स्कूलों में केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई मुफ्त कर दी जाएगी। इससे सभी वर्ग के छात्रों को फायदा मिलेगा।

कांग्रेस ने कहा कि सरकार बनते ही जातिगत जनगणना शुरू कर दी जाएगी। साथ ही तेंदूपत्ता का सालाना बोनस 4 हजार रुपए कर दिया जाएगा।

दरअसल, दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बस्तर में दो बड़ी रैलियां कीं। राहुल ने सबसे पहले उत्तर बस्तर की भानुप्रतापपुर सीट और फिर कोंडागांव के फरसगांव में आमसभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा- कांग्रेस गरीबों के लिए काम करती है, लेकिन बीजेपी गरीबों का पैसा अडाणी को दो रही है। भाजपा के नेता नहीं चाहते कि गरीब का बेटा अंग्रेजी बोले।

राहुल गांधी के भाषण की अहम बातें…

1. हमने जो भी वादा किया उसे पूरा किया’

राहुल गांधी ने कहा- हमने जो भी वादा किया उसे पूरा किया। सरकार बनते ही हमने दो घंटे में किसानों का 10 हजार करोड़ कर्ज माफ किया, बिजली बिल हाफ किया, आदिवासियों को उनकी जमीनें वापस दिलाईं। कांग्रेस की सरकार फिर बनते ही सारे वादे पूरे किए जाएंगे।

2. केंद्र के कानून से ​किसानों को नुकसान

मनरेगा को हम लेकर आए तो बीजेपी ने इसे बेकार बताया। हमने मजदूरों का सम्मान किया, क्योंकि हम जानते हैं, जब तक गरीबों की मदद नहीं करेंगे देश मजबूती से खड़ा नहीं हो सकता। केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों के खिलाफ कानून बनाकर उन्हें नुकसान पहुंचाया और अडाणी को लाभ पहुंचाया।

3. हिंदुस्तान की सरकार को 90 अफसर चलाते हैं

​​देश को लोकसभा, राज्यसभा के एमपी नहीं चलाते हैं। हिंदुस्तान सरकार में 90 आईएएस हैं ये सरकार को असलियत में चलाते हैं। इन्हें कैबिनेट सेक्रेटरी कहते हैं। सारे फैसले ये लेते हैं। सेना को कितना पैसा जाएगा। भोजन के अधिकार में कितना पैसा जाएगा, लेकिन 90 में से सिर्फ तीन लोग ही पिछड़े वर्ग के हैं। देश का बजट 45 लाख करोड़ का है। इनमें से तीन अफसर सिर्फ 5 प्रतिशत बजट पर निर्णय लेते हैं। सवाल यही है कि क्या हिंदुस्तान में ओबीसी की आबादी सिर्फ पांच प्रतिशत है।

4. ओबीसी देश की रीढ़

ओबीसी वर्ग को जागरूक होना पड़ेगा, आपको ठगा जा रहा है। आपकी सरकार ओबीसी की सरकार नहीं है और ये बात हर ओबीसी युवा को समझनी होगी। इसलिए हमारा पहला कदम जाति जनगणना है। नरेंद्र मोदी कभी ओबीसी के मामलों पर चर्चा नहीं करते। मोदी जी आप जाति जनगणना से क्यों डरते हो। हम ये अन्याय नहीं होने देंगे। छत्तीसगढ़ सरकार जाति बेस्ड जनगणना करवाएगी और सच्चाई आपके सामने लाकर रख देगी। देश में 55 प्रतिशत ओबीसी वर्ग के हैं, लेकिन मोदी जी ये बात नहीं बताते।

5. आदिवासी हिंदुस्तान के पहले मालिक

बीजेपी के लोग आदिवासी को वनवासी कहते हैं। आदिवासी का मतलब जो हिंदुस्तान के पहले मालिक, पूरी जमीन के असली मालिक से है। आदिवासियों को जमीन का अधिकार मिलना चाहिए। जल, जमीन की रक्षा की जानी चाहिए। वनवासी का मतलब जंगल में रहने वालों से है। सच्चा शब्द आ​दिवासी है। मध्यप्रदेश में बीजेपी नेता ने आदिवासी पर पेशाब किया। ऐसी भाजपा नेताओं की सोच है।

6. BJP नेता नहीं चाहते गरीब का बेटा अंग्रेजी बोले

छत्तीसगढ़ी, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषा जरूरी है। बीजेपी नेता 24 घंटे हिंदी बोलते हैं, अपने बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ाते हैं। इसलिए हमने अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले ताकि गरीब के बच्चे भी पढ़ सकें।

7. नोटबंदी, जीएसटी से सिर्फ अडाणी को फायदा

मोदी सरकार के नोटबंदी, जीएसटी के फैसले से सिर्फ अडाणी को फायदा हुआ। आम आदमी को सिर्फ परेशानी और तकलीफ के कुछ नहीं मिला। हमारी सरकार फिर से बनेगी तो हम सभी वादों को लागू करेंगे।

इससे पहले भूपेश बघेल ने कहा- भाजपा नेताओं की बातों की गारंटी नहीं है। राहुल गांधी की बातों पर लोगों को भरोसा है क्योंकि हमने ​​2 घंटे में किसानों का 10 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया, आदिवासियों की जमीन वापस दिलाई।

अब पढ़िए CM भूपेश बघेल के भाषण की अहम बातें…

  • केंद्र सरकार किसानों को परेशान करने का काम कर रही है।
  • 2014 में डबल इंजन की सरकार ने बोनस देना बंद कर दिया। राज्य से भी बंद करा दिया।
  • प्रधानमंत्री को पत्र लिख बोनस देने की मांग की, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं दी गई।
  • भाजपा ने आदिवासियों के हक छीनने का काम किया।
  • 15 साल में रमन सिंह ने पेसा कानून लागू नहीं किया। रमन ​सिंह ने तो ठगा, केंद्र ने भी ठगने का काम किया।
  • भाजपा नेताओं की बातों की कोई गारंटी नहीं। राहुल गांधी की बातों में भरोसे की गारंटी।
  • कांग्रेस की सरकार बनते ही 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ किया।
  • ​​2 घंटे में किसानों का 10 हजार करोड़ माफ किया, आदिवासियों की जमीन वापस दिलाई।
  • महादेव ऐप वालों के साथ इनकी साठगांठ इसलिए ऐप बंद नहीं किया जा रहा।
  • भारत सरकार हिस्सा दे या न दे, लेकिन साढ़े 17 लाख गरीबों का घर बनवाएगी कांग्रेस।
  • मोदी जी छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की बात पर झूठ बोलकर चले गए।
  • यूपी, गुजरात में 1200 क्विंटल में धान खरीदी हो रही, लेकिन छत्तीसगढ़ में 2640 में खरीदी हो रही, यही अंतर है।

कल दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे राहुल
राहुल गांधी दूसरे दिन यानी रविवार 29 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे राजनांदगांव और दोपहर 2.50 बजे कवर्धा में जन सभा को संबोधित करेंगे। यहां वो कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 अक्टूबर को दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस नामांकन रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी।

2018 में की थी किसान कर्ज माफी की घोषणा
2018 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने किसानों के लिए कर्ज माफी की घोषणा की थी। राहुल ने कहा था कि सरकार बनने के 10 दिन के भीतर कांग्रेस पार्टी प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ करेगी। ये घोषणा कांग्रेस के लिए गेम चेंजर साबित हुई थी। सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में किसानों की कर्ज माफी के वादे को पूरा किया था।

कांग्रेस ने अब तक की हैं 6 घोषणाएं

कांग्रेस पार्टी ने अब तक कुल 6 घोषणाएं की हैं। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने के बाद जातिगत जनगणना कराई जाएगी, MSP पर इस बार 20 क्विंटल धान प्रति एकड़ की दर से खरीदा जाएगा, साढ़े 17 लाख लोगों को आवास दिए जाएंगे और 2018 की तर्ज पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में केजी से लेकर पीजी तक की पढाई मुफ्त कर दी जाएगी। इसके अलावा तेंदूपत्ता का सालाना बोनस 4 हजार रुपए कर दिया जाएगा।