68वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन:लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बारबाडोस पहुंचे,करेंगे डिजिटल लोकतंत्र पर कार्यशाला की अध्यक्षता

Front-Page International National

ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 8 अक्टूबर 2025 — लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (सीपीसी) में भाग लेने के लिए भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करते हुए बारबाडोस पहुंचे। उन्होंने मंगलवार को सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लिया।

सम्मेलन के दौरान बिरला “प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग: डिजिटल परिवर्तन के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाना एवं डिजिटल डिवाइड को दूर करना” विषय पर आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही वे महासभा को “राष्ट्रमंडल: एक वैश्विक भागीदार” विषय पर संबोधित करेंगे, जिसमें वे वैश्विक संसदीय सहयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में भारत की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे।

68वां सीपीसी बारबाडोस की संसद और सीपीए बारबाडोस शाखा द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रमंडल के 180 से अधिक राष्ट्रीय, राज्य और प्रांतीय विधायिकाओं से 600 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

भारतीय शिष्टमंडल में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सांसद अनुराग शर्मा, डॉ. डी. पुरंदेश्वरी, डॉ. के. सुधाकर, रेखा शर्मा, डॉ. अजीत माधवराव गोपछड़े, लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह, राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी और स्पीकर बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता शामिल हैं।

बिरला अपनी यात्रा के दौरान कई देशों के संसदीय प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे, जिनमें परस्पर हितों और संसदीय सहयोग को सशक्त करने पर चर्चा होगी।

भारत राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) का एक सक्रिय सदस्य है और वैश्विक लोकतांत्रिक संवाद एवं संसदीय क्षमता निर्माण में निरंतर योगदान देता रहा है।