पटियाला में दिखा अमृतपाल:जैकेट पहनी और आंखों पर चश्मा;जम्मू-इंदौर से 3 हिरासत में,2 साथी HIV पॉजिटिव

Front-Page National

अमृतसर:-वारिस पंजाब दे के चीफ खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की आठवें दिन भी तलाश हो रही है। उसका एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जो पटियाला का बताया जा रहा है। इसमें अमृतपाल जैकेट और चश्मा पहने दिख रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह फुटेज अमृतपाल के पंजाब से हरियाणा आने के पहले का है। यहीं से स्कूटी लेकर वह कुरुक्षेत्र के शाहाबाद पहुंचा था।

सुबह दिल्ली में नजर आने का दावा
शनिवार सुबह पंजाब पुलिस की कुछ टीमें दिल्ली पहुंचीं। ISBT कश्मीरी गेट में पुलिस के हाथ कुछ CCTV फुटेज लगे हैं, जिसे अभी वायरल नहीं किया जा रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन फुटेज में अमृतपाल सिंह साधु के भेष में नजर आया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस और पंजाब पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन दिल्ली में शुरू किया है। अभी और CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

अमृतपाल के 10 साथियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
उधर, अमृतपाल सिंह के 11 साथियों की दो अलग-अलग कोर्ट में शनिवार को पेशी हुई। इनमें से 10 साथियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इनकी 2 दिन की रिमांड खत्म होने के बाद पेशी हुई थी। एक अन्य को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अमृतपाल के गिरफ्तार साथियों के दो दिन पहले करवाए गए मेडिकल टेस्ट में दो साथी HIV पाॅजिटिव पाए गए हैं। ये सभी अजनाला पुलिस थाने में हुई हिंसा के आरोपी हैं।

एक साथी इंदौर से पकड़ा गया
अमृतपाल के एक और साथी सुक्खा को मध्य प्रदेश के इंदौर से पकड़ा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल जब हरियाणा में कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में महिला बलजीत कौर के घर रुका तो सुक्खा से लंबी बातचीत की थी। बलजीत कौर से पूछताछ और उसके फोन की कॉल डिटेल्स निकलवाने के बाद पुलिस ने सुक्खा को पकड़ा है।

आरोपियों के रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर सरेंडर का दबाव बना रही पुलिस
वहीं जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर से पुलिस ने अमरीक सिंह और उसकी पत्नी सर्बजीत कौर को हिरासत में लिया है। ये अमृतपाल सिंह के साथ भाग रहे पपलप्रीत के बहन व जीजा हैं। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की इनपुट पर की गई है।

पुलिस ने पपलप्रीत के कुछ रिश्तेदारों को भी हिरासत में लिया है। पपलप्रीत पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भी कार्रवाई की तैयारी में है। दरअसल, 2019-20 में उसके खातों में 4.48 लाख रुपए अधिक पाए गए थे। इस पर उसे 20 मार्च तक पेश होने का नोटिस भेजा गया था, लेकिन वह अमृतपाल के साथ फरार हो गया।

हरियाणा के गृह मंत्री बोले- पंजाब पुलिस डेढ़ दिन बाद आई
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन पंजाब पुलिस ने शाहाबाद पहुंचने तक डेढ़ दिन लगा दिया। विज ने कहा कि मोस्ट वांटेड के मामले में भी पंजाब सरकार की सुस्ती स्पष्ट नजर आ रही हैं। इससे पंजाब सरकार के राजनीतिक ड्रामे का पता चलता है।

केजरीवाल बोले- पंजाब का माहौल खराब करने वाले दुम दबाकर भाग रहे
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे है। पंजाब में अमन शांति बनाए रखने के लिए यदि सख्त फैसले लेने पड़े तो हम पीछे नहीं हटेंगे। जो लोग पंजाब में माहौल खराब कर रहे थे वे आज दुम दबा कर भाग रहे हैं।

उत्तराखंड में भी हो रही अमृतपाल की तलाश
पुलिस ने अमृतपाल की तलाश में शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दबिश दी। सूत्रों के अनुसार यहां एक महिला को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला अमृतपाल सिंह के साथ सोशल मीडिया के जरिए बीते एक साल से जुड़ी हुई थी।

इतना ही नहीं, वह एक बार अमृतपाल सिंह को मिलने पंजाब भी आई थी। यह महिला लंबे समय से अमृतपाल सिंह की पोस्टों को शेयर करती रही है। इस महिला को गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, इसके बारे में पुलिस ने अभी कुछ भी साफ नहीं किया है।

पंजाब पुलिस ने 44 लोगों को रिहा किया
अमृतपाल सिंह के समर्थन में आवाज उठाने वाले 207 को पुलिस ने हिरासत में लिया था। IG सुखचैन सिंह ने बीते दिन जानकारी दी थी कि पंजाब पुलिस की तरफ से पकड़े जा चुके 207 में से 177 को रिहा किया जा सकता है। इसी कड़ी के पहले पढ़ाव में अमृतपाल सिंह घटनाक्रम में 44 लोगों को शुक्रवार रिहा कर दिया गया। जबकि अन्य को भी जल्द रिहा कर सकते हैं। वहीं इन 207 में से 30 को इस मामले में गंभीर हवालातियों की श्रेणी में रखा गया है।

गोरखा बाबा के मोबाइल ने उगले राज
अमृतपाल सिंह का करीबी साथी तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को भी पुलिस ने बीते दिनों ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जब उसके मोबाइल की जांच हुई तो उसमें से अमृतपाल के कई राज खुले। अमृतपाल के गांव में जहां शूटिंग रेंज मिली, वहीं अमृतपाल के खालिस्तान बनाने के मनसूबों के बारे में भी जानकारियां हासिल हुई।

ट्रेनिंग देने वाले 2 पूर्व फौजियों की पहचान
पुलिस ने ट्रेनिंग देने के केस में 2 पूर्व सैनिकों 19 सिख बटालियन से रिटायर्ड वरिंदर सिंह और थर्ड आर्म्ड पंजाब के तलविंदर की पहचान की है। पुलिस ने बताया कि दोनों के आर्म्स लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। पुलिस जांच के मुताबिक अमृतपाल ने पंजाब आते ही ऐसे विवादित पूर्व सैनिकों को ढूंढना शुरू कर दिया था, जिनके पास पहले से ही आर्म्स लाइसेंस हों, ताकि ट्रेनिंग देने में आसानी हो।

अमृतपाल से जुड़े 5 बड़े अपडेट्स

  • पंजाब पुलिस को अमृतपाल का पासपोर्ट घर से गायब मिला है। पुलिस ने परिवार से इसकी मांग की, लेकिन उन्होंने पासपोर्ट होने से इनकार कर दिया। इसे देखते हुए पुलिस ने एयरपोर्ट और लैंड पोर्ट पर उसके लुकआउट सर्कुलर का रिमाइंडर भेज दिया है।
  • पंजाब से भागे अमृतपाल सिंह के हरियाणा के बाद अब उत्तराखंड पहुंचने का शक है। पुलिस का अनुमान है कि उसकी अगली कोशिश नेपाल बॉर्डर क्रॉस करने की होगी।
  • उत्तराखंड में अमृतपाल सिंह, मीडिया एडवाइजर पपलप्रीत सहित 5 साथियों के पोस्टर लगा दिए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ नेपाल बॉर्डर पर भी BSF को अलर्ट रहने के लिए कह दिया गया है। इसके साथ-साथ सभी गुरुद्वारों की चेकिंग की जा रही है।
  • उत्तराखंड पुलिस काशीपुर इलाके में अनाउंसमेंट कर रही है कि अगर किसी ने अमृतपाल और उसके किसी साथी को पनाह दी तो उन पर NSA के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इनकी सूचना देने वाले को इनाम दिया जाएगा।