कांग्रेस की PC, मंत्री मुरारीलाल का BJP पर निशाना:बोले- उनके नेता की सदस्यता रद्द होती तो देशभर में BJP तोड़फोड़ करती

Rajasthan Rajasthan-Others

दौसा:-प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर सोमवार को दौसा जिला कांग्रेस की ओर से डाक बंगले में प्रेस वार्ता की गई। जिसमें कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारीलाल मीणा व जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के मुद्दे पर भाजपा को घेरा।

मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को सिर्फ टारगेट किया जा रहा है, जबकि भाजपा का असली मकसद अडानी को बचाना है। विपक्ष द्वारा जेपीसी की मांग पर आगे की चर्चा से बचने के लिए भाजपा ने जानबूझकर संसद को बाधित किया।

इससे स्पष्ट होता है कि अडानी के साथ उनका रिश्ता उजागर नहीं हो। मंत्री ने कहा कि यह बीजेपी की उस दीर्घकालीन योजना का हिस्सा है जिसमें कोई भी उनसे सवाल करे तो उन्हें चुप करा दिया जाता है।

राहुल गांधी को निशाना बना रही बीजेपी

मंत्री ने कहा कि आपराधिक मानहानि के लिए अधिकतम 2 साल की सजा अब तक कभी नहीं हुई शायद ही कोई ऐसा मामला हो विशेष रूप से एक निर्वाचित प्रतिनिधि के केस में। दूसरी और भाजपा नेताओं के खिलाफ मामलों में ढील दी जा रही है।

केंद्र सरकार घोटालेबाजों का पर्दाफाश करने के बजाए राहुल गांधी को निशाना बना रही है।

पूरे देश में तोड़फोड़ कर देती बीजेपी

मंत्री ने कहा राहुल गांधी की तरह यदि किसी भाजपा नेता की सदस्यता रद्द कर दी जाती तो अब तक पूरे देश में तोड़फोड़ कर दी जाती। लेकिन कांग्रेस पार्टी में ऐसे संस्कार नहीं हैं। हम गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे हैं।

जबकि भाजपा के नेता लोकतंत्र की हत्या करने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ ने कहा आज देश का पूरा विपक्ष केंद्र सरकार की तानाशाही का विरोध कर रहा है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है, लेकिन लोकतंत्र बचेगा तभी ही देश बचेगा। लोकतंत्र को बचाने के लिए सबको एक साथ आना होगा।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व ब्लॉक अध्यक्ष भी मौजूद थे।