PM मोदी ने प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि दी:पंजाब के पूर्व CM का कल बादल गांव में अंतिम संस्कार होगा,शव यात्रा चंडीगढ़ से रवाना

Front-Page National

अमृतसर:-पंजाब के पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए चंडीगढ़ स्थित अकाली दल के कार्यालय में रखी गई। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम दर्शन के बाद उनका शव पैतृक गांव बादल ले जाया जा रहा है। जहां कल दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बादल की पार्थिव देह देर शाम तक चंडीगढ़ से राजपुरा, पटियाला, संगरूर और बठिंडा होते हुए मुक्तसर जिले में पड़ते बादल गांव पहुंचेगी। गांव के श्मशान घाट में जगह कम होने के कारण पूर्व सीएम का अंतिम संस्कार उनके पुश्तैनी खेतों में किया जाएगा। इसके लिए दो एकड़ में लगा किन्नू का बाग उखाड़कर चबूतरा बनाने का काम चल रहा है।

बादल का मंगलवार रात को 95 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद 16 अप्रैल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 25 अप्रैल की शाम 7.42 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे।

देश के सबसे बुजुर्ग नेता, 2 दिन का राष्ट्रीय शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, पंजाब की पूर्व CM राजिंदर कौर भट्‌ठल, हरियाणा के पूर्व CM ओमप्रकाश चौटाला, पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की सांसद पत्नी परनीत कौर, भाजपा नेता सुनील जाखड़ समेत तमाम नेताओं ने बादल को श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने चिट्ठी लिखकर शोक जाहिर किया।

प्रकाश सिंह बादल देश की राजनीति के सबसे बुजुर्ग नेता थे। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस दौरान पूरे देश में लगा राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। सभी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। पंजाब में कल गुरुवार को सरकारी छुट्‌टी की घोषणा की गई है।