कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी:भजनलाल शर्मा

Loksabha Election National Politics

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश की आम जनता ने वर्ष 2014 से पहले के कुशासन को देखा है। मुंबई- पुणे ने आंतकी घटनाओं के दंश को झेला। लेकिन यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मजबूत नेतृत्व में सरकार बनने के बाद देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर अंकुश लगा और पुलवामा हमले के बाद देश ने आतंकियों को दिए गए मुंहतोड़ जवाब को देखा।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। उनके शासन में एक से बढ़कर एक भ्रष्टाचार हुआ। टुकड़े-टुकड़े गैंग और कांग्रेस पार्टी इन चुनावों में झूठ बोलकर देश को दिशाहीन बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश में गरीब कल्याण के लिए योजनाएं चलाई। उनके नेतृत्व में राष्ट्र ने विकास की योजनाओं से लेकर सीमा सुरक्षा और दुनिया में देश के गौरव बढ़ने के कामों को देखा है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मोदी जी जब विकास के लिए केन्द्र से 100 रुपये भेजते हैं तो धरातल पर वह पूरा खर्च होता है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि देश में मोदी जी के नेतृत्व में गरीब आदमी का बैंक में खाता खुला और 12 रुपये में गरीब का दुर्घटना बीमा भी संभव हो पाया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व में देश पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और जल्द तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी। इस सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि यह चुनाव दुनिया में भारत की ताकत दिखाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि 11 मई का दिन विशेष है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में हमारा देश परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्र बना था।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान के लिए प्रधानमंत्री ने बड़े काम किये हैं। हमारी सरकार बनने के बाद मोदी जी ने जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए ईआरसीपी योजना की स्वीकृति, शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौते की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। पूर्ववर्ती सरकार में 17 पेपर लीक होने से युवाओं के सपने चकनाचूर हुए, हमने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित कर 100 लोगों को गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों से कहा कि हमारी सरकार उनकी हर आशाओं को पूरा करेगी। 

मुख्यमंत्री शर्मा ने शनिवार को दक्षिण मुंबई में भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन प्रत्याशी श्रीमती यामिनी जाधव के समर्थन में राजस्थानी सम्मेलन को संबोधित किया और उन्हें अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट अवश्य करें। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों से पहले मतदान, फिर जलपान का आह्वान किया।