पटना:स्कूल के वॉशरूम में पांचवीं की छात्रा की जलकर मौत,परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Front-Page National

पटना, बिहार: पटना के गर्दनीबाग इलाके में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। आमला टोला कन्या विद्यालय के बाथरूम में पांचवीं कक्षा की एक छात्रा की जलकर मौत हो गई। छात्रा की पहचान दमरिया की रहने वाली जोया परवीन के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, स्कूल के बाथरूम में 10 साल की जोया का शव मिला, जिसका ऊपरी हिस्सा बुरी तरह से जल चुका था। सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि घटनास्थल से एक बोतल मिली है जिसमें लगभग आधा लीटर केरोसिन बचा हुआ था। बाथरूम को तुरंत सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

परिजनों का आरोप

जोया के परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्ची को केरोसिन डालकर जलाया गया है। जोया के भाई शहबाज ने बताया कि जब उसे आग लगने की सूचना मिली तो वह वॉशरूम के पास गया, लेकिन स्कूल के शिक्षकों ने उसे अंदर जाने से रोक दिया। शहबाज ने आरोप लगाया, “मैंने सर से कहा, मुझे जाकर देखने दीजिए। मैंने देखा कि मेरी बहन का बैग ले जा रहे थे। सर मुझे जाने नहीं दे रहे थे।” उसने यह भी कहा कि उसकी बहन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

विरोध प्रदर्शन और हंगामा

घटना से आक्रोशित परिजन और छात्रों ने स्कूल परिसर में तोड़फोड़ की और बाहर सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया। भीड़ को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को थप्पड़ जड़े और डंडे से पीटने की कोशिश की।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।