राहुल बोले- मेरे खिलाफ ED रेड की प्लानिंग:मुझे इंतजार,चाय-बिस्किट मेरी तरफ से;दावा- संसद में चक्रव्यूह भाषण के कारण यह तैयारी

Front-Page National Politics

नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके खिलाफ एनफोर्समेंट डायरेक्टरोट (ED) रेड की प्लानिंग हो रही। राहुल ने गुरुवार देर रात 1:52 बजे X पर की गई एक पोस्ट में यह दावा किया।

उन्होंने लिखा- टू-इन-1 को संसद में मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ED के अंदरूनी सूत्रों ने मुझे बताया कि मेरे खिलाफ रेड की योजना बनाई जा रही है। मैं ED अधिकारियों का बांहें फैलाकर इंतजार कर रहा हूं। चाय और बिस्किट मेरी तरफ से।

राहुल ने कहा था- 6 लोग देश को चक्रव्यूह में फंसा रहे
राहुल ने 29 जुलाई को संसद सत्र के दौरान बजट 2024-25 पर लोकसभा में भाषण दिया था। इसी दौरान उन्होंने बजट की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह से की। उन्होंने कहा कि छह लोगों का एक ग्रुप पूरे देश को चक्रव्यूह में फंसा रहा है। ये 6 लोग- नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजित डोभाल, अडाणी और अंबानी हैं।

राहुल ने कहा था- हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर 6 लोगों ने मारा था। चक्रव्यूह का दूसरा नाम है- पद्मव्यूह, जो कमल के फूल के शेप में होता है। इसके अंदर डर और हिंसा होती है।

राहुल ने कहा- 21वीं सदी में एक नया ‘चक्रव्यूह’ रचा गया है- वो भी कमल के फूल के रूप में तैयार हुआ है। इसका चिह्न प्रधानमंत्री अपने सीने पर लगाकर चलते हैं। अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वह भारत के साथ किया जा रहा है। देश के किसान, मजदूर और नौजवान डरे हुए हैं।

राहुल बोले- इंडिया ब्लॉक ये चक्रव्यूह तोड़ेगा राहुल ने कहा- केंद्र सरकार ने जो चक्रव्यूह रचा है, उससे करोड़ों लोगों को नुकसान हो रहा है। इंडिया ब्लॉक सदन में जातीय जनगणना और MSP के लिए कानूनी गारंटी पास करके यह चक्रव्यूह तोड़ेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अन्नदाता सरकार से MSP मांग रहा है। हमें लगता था सरकार बजट में इसका प्रावधान कर देती तो जो किसान चक्रव्यूह में फंसे हैं वे निकल पाते। आपने नहीं किया तो मैं यहां इंडिया ब्लॉक की तरफ से गारंटी देता हूं कि हम इस सदन में पास करके आपको देंगे।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 31 जुलाई को संसद में भाषण देते हुए राहुल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ‘एक्सीडेंटल हिंदू’ हैं और महाभारत के बारे में उनका ज्ञान भी एक्सीडेंटल है। इन लोगों ने न तो संविधान पढ़ा है और न ही महाभारत। आश्चर्य की बात है कि उन्होंने महाभारत देखी भी नहीं है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि महाभारत में अभिमन्यु की हत्या में 6 नहीं बल्कि 7 महारथी शामिल थे। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर उन्होंने महाभारत नहीं देखी या पढ़ी है तो कम से कम उन्हें अपने सांसद शशि थरूर का नॉवेल ‘द ग्रेट इंडियन नॉवेल’ पढ़ना चाहिए था।

अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में शशि थरूर की ‘द ग्रेट इंडियन नॉवेल’ पढ़ते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं थे। वह (शशि थरूर) कह रहे हैं कि 1947 में जिसने सत्ता संभाली वह धृतराष्ट्र थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल ने चक्रव्यूह का विषय उठाकर अच्छा किया क्योंकि इस देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह अच्छे से देखे हैं।

नेशनल हेराल्ड केस में राहुल से ED ने 50 घंटे पूछताछ की थी
नेशनल हेराल्ड केस में ED ने जून 2022 में राहुल गांधी से 5 दिन करीब 50 घंटे पूछताछ की थी। 13 जून से 17 जून तक राहुल से हर दिन औसतन 20-25 सवाल पूछे गए। कुल मिलाकर पांच दिनों में 100 से ज्यादा सवाल पूछे गए। ED ने राहुल का बयान टाइप किया और कांग्रेस सांसद ने उस पर साइन किए थे।

नेशनल हेराल्ड केस में 2015 में ED की एंट्री हुई थी। ED ने मई 2022 के अंतिम हफ्ते में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था। इससे पहले अप्रैल में कांग्रेस के 2 दिग्गज नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन बंसल से भी ED ने पूछताछ की थी।