हरियाणा चुनाव नतीजों पर राठौड़ का डोटासरा पर तंज,कहा-जलेबी इनकी बन गई

Politics Rajasthan Rajasthan-Others

चूरू:-हरियाणा चुनाव में मिले जनादेश पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि यह जनादेश उन सभी ताकतों के लिए एक करारा जवाब है, जो समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की विभाजनकारी नीतियों को समझ चुकी है। गोविंद डोटासरा और अन्य कांग्रेस नेताओं की “जलेबी बनाने” की बातें अब उनकी अपनी ही जलेबी बन गई हैं। छोटे-छोटे समाज के लोगों ने मिलकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन किया है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले स्पष्ट जनादेश पर बुधवार को भाजपाइयों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इस मौके पर राजेंद्र राठौड़ ने इसे जनता का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है। यह जनादेश उन ताकतों के लिए एक करारा जवाब है, जो समाज को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की विभाजनकारी नीतियों को भलीभांति समझ चुकी है, और तीसरी बार किसी पार्टी को जनादेश देना भाजपा की नीतियों की सफलता का प्रतीक है।

उन्होंने सभी हरियाणावासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास के नए मार्ग पर आगे ले जाएगी। भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर जो उपलब्धियां हासिल की हैं, यह जीत उसी का परिणाम है। इस अवसर पर विधायक हरलाल सहारण ने बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है, क्योंकि भाजपा का 10 वर्षों का शासन सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। हरियाणा और राजस्थान में डबल इंजन की सरकार होने से कई योजनाएं आपसी सहमति से विकसित होंगी, जिसका सीधा लाभ प्रदेश और चूरू की जनता को मिलेगा।