भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, केंद्र सरकार ने 8 राज्यों के 28 एयरपोर्ट्स को 9 मई तक बंद करने का आदेश दिया है। यह एयरपोर्ट्स जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। इन बंद किए गए एयरपोर्ट्स में बड़े हवाई अड्डे जैसे श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर शामिल हैं, जो पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के हिंडन एयरपोर्ट्स के संचालन को भी रोक दिया गया है।
एयरलाइंस पर भी बड़ा असर पड़ा है। एअर इंडिया, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट, अकासा एयर और कुछ विदेशी एयरलाइंस ने गुरुवार को 430 फ्लाइट्स रद्द कर दीं, जो देश भर में होने वाली दैनिक फ्लाइट्स का 3% हैं। पाकिस्तान में भी 147 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं, जो वहां की दैनिक फ्लाइट्स का 17% हैं।
भारत के इस कदम से प्रभावित एयरलाइंस में एअर इंडिया और इंडिगो प्रमुख हैं। एअर इंडिया ने 9 शहरों की फ्लाइट्स को 10 मई सुबह 05:29 बजे तक रद्द किया है, जिनमें जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट शामिल हैं। वहीं, इंडिगो ने 11 शहरों की फ्लाइट्स रद्द की हैं और कुल 165 फ्लाइट्स रद्द की हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी कुछ फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। एयरलाइंस ने रक्षा कर्मियों के लिए रद्द की गई टिकट्स पर फुल रिफंड और मुफ्त रीशेड्यूलिंग की सुविधा देने का भी ऐलान किया है।
इसके साथ ही, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के 6 जिलों—फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर और तरनतारन—में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। हरियाणा और राजस्थान में भी स्वास्थ्य विभाग और पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सीमा सुरक्षा को बढ़ाया गया है। जम्मू-कश्मीर में 10 जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है और पूरे राज्य में हाई सिक्योरिटी तैनात की गई है।
लेह और लद्दाख में ड्रोन और UAV उड़ाने पर पाबंदी लगा दी गई है, जबकि त्रिपुरा के अगरतला एयरपोर्ट ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की सुरक्षा की मांग की है।

