प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के पूर्वी हिस्से को देश के विकास का नया केंद्र बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जैसे दुनिया में पूर्वी देशों का दबदबा बढ़ रहा है, वैसे ही भारत में यह समय पूर्वी राज्यों का है।
मोदी ने कहा, “जैसे पश्चिम भारत में मुंबई है, वैसे ही पूर्व में मोतिहारी का नाम होगा। गुरुग्राम जैसे अवसर गया में और पुणे जैसी संभावनाएं पटना में तैयार होंगी।”
प्रधानमंत्री ने अपने 33 मिनट के भाषण में केंद्र सरकार की योजनाओं, बिहार के लिए विकास कार्यों और विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कई घोषणाएं कीं।
‘बदले की राजनीति खत्म की’
प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीए सरकार के दौर की आलोचना करते हुए कहा, “जब केंद्र में कांग्रेस और आरजेडी की सरकार थी, तब बिहार के साथ अन्याय हुआ। उस समय राज्य को 10 वर्षों में सिर्फ दो लाख करोड़ रुपये के आसपास मिले। 2014 में जब हमें सेवा करने का अवसर मिला, हमने बिहार से बदला लेने वाली राजनीति को समाप्त कर दिया।”
‘पहली नौकरी पर 15 हजार की सहायता’
मोदी ने ऐलान किया कि केंद्र सरकार पहली प्राइवेट नौकरी करने वालों को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देगी। यह योजना 1 अगस्त से लागू होगी।
‘बिहार को नॉर्वे जितने घर’
प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों के लिए देशभर में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाए गए हैं, जिनमें 7 लाख से अधिक अकेले बिहार में बने हैं। “मोतिहारी में करीब 3 लाख गरीब परिवारों को घर दिए गए हैं,” उन्होंने बताया।
‘नीतीश मेरे मित्र, उनकी योजनाएं सराहनीय’
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘मित्र’ बताया और राज्य सरकार की योजनाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा, “नीतीश जी की सरकार ने वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों की पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी है। 20 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।”
‘लालू प्रसाद पर निशाना’
प्रधानमंत्री ने आरजेडी प्रमुख लालू यादव पर बिना नाम लिए हमला बोला और कहा कि “पहले रोजगार के नाम पर युवाओं से जमीनें लिखवा ली जाती थीं, लेकिन अब सरकार रोजगार देकर सम्मानजनक अवसर दे रही है।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख
मोदी ने कहा कि बिहार की धरती से लिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संकल्प को दुनिया ने सफल होते देखा है। उन्होंने कहा, “बिहार के पास न सामर्थ्य की कमी है, न ही संसाधनों की।”
₹7,196 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 7,196 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की और चार अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रोड शो के साथ पहुंचे मंच तक
पीएम मोदी खुली गाड़ी से मंच तक पहुंचे और रास्ते में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे। रास्ते में उनकी गाड़ी पर फूलों की बारिश हुई और ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंजते रहे।
यह प्रधानमंत्री मोदी का 2025 में बिहार का पांचवां दौरा रहा। इससे पहले वे सीवान, भागलपुर, मधुबनी, पटना और शाहाबाद में जनसभाएं कर चुके हैं।

