अहमदाबाद में एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर विमान क्रैश,100 शव बरामद,पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी थे सवार

Breaking-News Front-Page National Trending

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हादसे का शिकार हो गया। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कुल 242 यात्री सवार थे।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की जगह से 100 शव निकाले जा चुके हैं। यात्रियों में 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे।

जहां विमान क्रैश हुआ, वह अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टरों की रिहायशी बिल्डिंग थी। हादसे में 15 डॉक्टरों के घायल होने की सूचना है।

फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और महज दो मिनट बाद, 1:40 बजे यह एयरपोर्ट की बाहरी दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के गिरते ही इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया।

हादसे पर केंद्र की प्रतिक्रिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात कर राहत और बचाव कार्यों में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। एयर इंडिया ने यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है।

एयर इंडिया का दूसरा बड़ा हादसा
यह एयर इंडिया की फ्लाइट का बड़ा हादसा है। इससे पहले अगस्त 2020 में केरल के कोझिकोड में एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से फिसलने के बाद क्रैश हो गया था। उस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी और 110 लोग घायल हुए थे।