भारतीय मौसम विभाग का 150वां स्थापना दिवस:प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मिशन मौसम’ का किया उद्घाटन

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली के भारतीय मंडपम में भारतीय मौसम विभाग (IMD) के 150वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने ‘मिशन मौसम’ का उद्घाटन और ‘IMD विजन-2047’ डॉक्युमेंट जारी किया।

क्या है ‘मिशन मौसम’?
‘मिशन मौसम’ का उद्देश्य भारत को मौसम के लिए तैयार और क्लाइमेट-स्मार्ट बनाना है। इसमें आधुनिक तकनीकों जैसे नेक्स्ट-जेनरेशन रडार, सैटेलाइट और सुपर कंप्यूटर का उपयोग कर मौसम पूर्वानुमान, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने पर ध्यान दिया जाएगा।

‘IMD विजन-2047’: भविष्य का खाका
पीएम मोदी ने ‘IMD विजन-2047’ दस्तावेज़ भी जारी किया, जो आधुनिक मौसम प्रबंधन प्रणाली के लिए ब्लूप्रिंट प्रदान करता है। इसमें कृषि, आपदा प्रबंधन और उद्योगों के लिए समाधान और जलवायु परिवर्तन से निपटने की योजना शामिल है।

‘अविभाजित भारत’ की साझेदारी
इस कार्यक्रम में पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल, भूटान, म्यांमार, श्रीलंका और मालदीव जैसे देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जो IMD की स्थापना के समय अविभाजित भारत का हिस्सा थे। हालांकि, बांग्लादेश ने सरकारी खर्च पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए भाग नहीं लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने जलवायु परिवर्तन से निपटने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भारत को भविष्य के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।