अहमदाबाद विमान हादसे में राजस्थान के पांच यात्रियों की मौजूदगी की पुष्टि,परिजनों में चिंता का माहौल

Rajasthan Rajasthan-Others Udaipur

अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे में राजस्थान के पांच यात्रियों के सवार होने की पुष्टि हुई है। इनमें चार यात्री उदयपुर और एक बालोतरा जिले का बताया जा रहा है। हादसे में एक नवविवाहिता और दो बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि, यात्रियों की स्थिति को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। हादसे के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं और बार-बार फोन करके जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

गौरतलब है कि एयर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट AI-171, गुरुवार दोपहर अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में क्रैश हो गई थी। विमान में कुल 242 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे।

शादी के बाद पहली बार लंदन जा रही थी खुशबू

बालोतरा जिले के अराबा दुदावता गांव की रहने वाली खुशबू कंवर इस फ्लाइट में यात्रा कर रही थीं। हाल ही में 18 जनवरी को उनका विवाह विपुल सिंह राजपुरोहित से हुआ था, जो लंदन में चिकित्सक हैं। शादी के बाद खुशबू पहली बार अपने पति के पास लंदन जा रही थीं। बुधवार को ही वह गांव से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं।

उदयपुर के चार यात्री भी विमान में सवार

हादसे में उदयपुर जिले के चार यात्री भी शामिल हैं। इनमें रुदेड़ा गांव के वरर्दी चंद्र मेनारिया, रोहिडा गांव के प्रकाश चंद्र मेनारिया और शहर के मार्बल व्यापारी पिंकू मोदी के दो बच्चे—शगुन मोदी और शुभ मोदी—शामिल हैं। दोनों बच्चे लंदन में पढ़ाई कर रहे हैं। फिलहाल इनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

हादसे के बाद प्रशासन और एयर इंडिया की ओर से संपर्क के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, लेकिन घटनास्थल से लगातार आ रही खबरें परिजनों की चिंता बढ़ा रही हैं।