जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में होगा ‘यूनिटी मार्च’,सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ बढ़ेगा कदम

Jaipur Rajasthan

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में जयपुर में बुधवार, 31 अक्टूबर को राज्य स्तरीय यूनिटी मार्च (पदयात्रा) का आयोजन किया जाएगा। यह मार्च सुबह 7:15 बजे गांधी सर्किल से शुरू होकर अमर जवान ज्योति तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार पटेल के देश की एकता और अखंडता में दिए योगदान को याद करना और उनके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विचार को आत्मनिर्भर भारत के विजन से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में सरदार@150 कार्यक्रमों से जुड़ें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गांधी सर्किल पर महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ खिलाड़ियों, पुलिस व आरएसी के जवानों, स्काउट-गाइड्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, विश्वविद्यालय और कॉलेज छात्रों सहित आमजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

मार्च गांधी सर्किल से विश्वविद्यालय, इंदिरा सर्किल, रामबाग सर्किल और अंबेडकर सर्किल होते हुए अमर जवान ज्योति तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और तत्पश्चात अमर जवान ज्योति पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।