जयपुर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह शारजाह जा रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में उड़ान से कुछ मिनट पहले तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट रनवे तक पहुंच चुकी थी, लेकिन पायलट को तकनीकी खामी की जानकारी मिलते ही विमान को वापस एप्रन पर लाया गया।
एयर अरेबिया की फ्लाइट संख्या G9-436 सुबह 4:45 बजे शारजाह के लिए रवाना होने वाली थी। सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे और विमान टेक-ऑफ की तैयारी में रनवे पर था। इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर विमान को रोक दिया गया और एयरलाइन की तकनीकी टीम ने जांच शुरू की।
तीन घंटे की मरम्मत के बाद सुरक्षित रवाना हुआ विमान
करीब तीन घंटे तक चली मरम्मत के बाद सुबह 7:25 बजे यात्रियों को दोबारा विमान में बैठाया गया। इसके बाद सुबह 7:46 बजे फ्लाइट ने शारजाह के लिए उड़ान भरी और स्थानीय समयानुसार सुबह 9:25 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
एक दिन पहले भी सामने आई थी तकनीकी समस्या
इस घटना से ठीक एक दिन पहले, 13 जून को दुबई से जयपुर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-196) में भी तकनीकी खराबी आई थी। पांच घंटे तक यात्री विमान में ही बिना एयर कंडीशनिंग के बैठे रहे। करीब 150 से अधिक यात्रियों को प्लेन से नहीं उतारा गया। उड़ान निर्धारित समय से करीब सवा पांच घंटे की देरी से रात 12:44 बजे जयपुर के लिए रवाना हुई और 2:44 बजे पहुंची।
हाल की ये घटनाएं विमानन सुरक्षा और तकनीकी निगरानी की जरूरत को फिर से उजागर करती हैं, खासकर गर्मियों में जब यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।

