ईरान-इज़राइल संघर्ष चौथे दिन भी जारी,भारतीयों को स्वदेश लौटने की इजाज़त

International

ईरान और इज़राइल के बीच जारी संघर्ष सोमवार को चौथे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच, ईरान सरकार ने सभी विदेशी नागरिकों को देश छोड़ने की अनुमति दे दी है। ईरान में करीब 10,000 भारतीय नागरिक फंसे हैं, जिन्हें अब भारत लौटने का रास्ता मिल सकता है।

ईरान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि भले ही देश के हवाई अड्डे फिलहाल बंद हैं, लेकिन ज़मीनी सीमाएं अभी भी खुली हुई हैं। मंत्रालय ने तेहरान स्थित सभी दूतावासों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों को इस फैसले की जानकारी दे दी है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अपने नागरिकों को निकालने के इच्छुक मिशनों को पहले से यात्री का नाम, पासपोर्ट नंबर, वाहन की जानकारी, प्रस्थान का समय और चुनी गई सीमा का ब्योरा देना होगा।

इस बीच, सोमवार सुबह ईरान ने इज़राइल पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया। ईरानी सेना ने सेंट्रल इज़राइल में कई जगहों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक घायल हो गए।

अब तक इज़राइल में ईरानी हमलों में 24 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जवाबी कार्रवाई में इज़राइल ने रविवार रात ईरान के विदेश मंत्रालय को निशाना बनाया, जिसमें 100 से अधिक लोग घायल हुए। इससे पहले शनिवार को इज़राइल ने ईरानी रक्षा मंत्रालय पर भी हमला किया था।

ईरानी आंकड़ों के अनुसार, अब तक देश में 224 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 1,277 लोग घायल हुए हैं। वहीं अमेरिका स्थित एक मानवाधिकार संगठन का दावा है कि मृतकों की संख्या 406 तक पहुंच चुकी है।

संघर्ष से जुड़ी प्रमुख घटनाएं:

  1. इज़राइल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ के तहत ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला किया।
  2. इस कार्रवाई में ईरान के 14 वैज्ञानिक और 20 से अधिक सैन्य कमांडर मारे गए।
  3. ईरान ने ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’ नाम से जवाबी हमला करते हुए सैकड़ों मिसाइलें दागीं।
  4. ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी सुप्रीम लीडर पर हमले की योजना को उन्होंने वीटो किया।
  5. इज़राइली राष्ट्रपति को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया।
  6. ईरान ने दावा किया कि उसने इज़राइल के तीन F-35 फाइटर जेट गिराए।
  7. अब तक इज़राइल में 21 और ईरान में 224 लोगों की मौत हो चुकी है।
  8. ट्रंप ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच जल्द शांति समझौता हो सकता है।
  9. इज़राइल ने ईरान की विश्व की सबसे बड़ी पार्स गैस फील्ड पर हमला किया।
  10. इज़राइल ने ईरान के विदेश और रक्षा मंत्रालय को भी निशाना बनाया।