एजबेस्टन टेस्ट: शुभमन गिल के शतक से भारत मजबूत स्थिति में,पहले दिन का स्कोर 310/5

Front-Page Sports

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारत ने मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे इस मुकाबले में टीम इंडिया ने बुधवार को पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 310 रन बना लिए।

कप्तान शुभमन गिल शानदार शतक लगाते हुए 114 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि रवींद्र जडेजा 41 रन पर उनके साथ क्रीज़ पर डटे हुए हैं। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 99 रन की अहम साझेदारी हो चुकी है।

भारत को शुरुआत में झटके लगे थे, जब ओपनर केएल राहुल जल्दी पवेलियन लौटे। हालांकि, यशस्वी जायसवाल ने 87 रन की बेहतरीन पारी खेली। करुण नायर (31) और ऋषभ पंत (25) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले सत्र में भारत ने 2 विकेट खोकर 98 रन बनाए, जबकि टी ब्रेक तक स्कोर 182/3 रहा। तीसरे सत्र की शुरुआत में पंत और नीतीश रेड्डी के विकेट गंवाने के बाद भारत 211 पर 5 विकेट खो बैठा, लेकिन गिल और जडेजा ने मोर्चा संभाल लिया।

इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स ने 2 विकेट लिए, जबकि ब्रायडन कार्स, शोएब बशीर और बेन स्टोक्स को एक-एक सफलता मिली।

टीम इंडिया की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड की प्लेइंग-11: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।