कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सर्रे शहर में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए खुले कैफे ‘कैप्स कैफे’ पर बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। हमलावरों ने कैफे पर करीब 9 राउंड फायर किए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यह फायरिंग कपिल शर्मा द्वारा 7 जुलाई को उद्घाटन किए गए कैफे पर हुई। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हरजीत सिंह लाडी NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें एक कार सवार व्यक्ति फायरिंग करता दिख रहा है। हमलावरों ने दावा किया है कि कपिल शर्मा द्वारा निहंग सिखों पर की गई टिप्पणी से नाराज़ होकर उन्होंने यह हमला किया। सोशल मीडिया पर लाडी और उसके एक साथी तूफान सिंह ने कॉमेडियन को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की चेतावनी भी दी है।
कपिल शर्मा की ओर से अब तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस बीच, कैनेडियन खुफिया एजेंसी ने हाल ही में अपनी रिपोर्ट में कहा था कि खालिस्तानी आतंकी कनाडा की धरती से भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले पंजाबी गायक एपी ढिल्लों और अन्य भारतीय मूल हस्तियों को भी इस तरह की धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ा है।
भारत और कनाडा के रिश्तों में पहले से ही तनाव बना हुआ है, खासकर प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उस बयान के बाद जिसमें उन्होंने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था। भारत ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था।

