नागौर:जन आक्रोश रैली में उमड़ा जनसैलाब,सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रशासन को घेरा,रखीं 20 मांगे

Rajasthan Rajasthan-Others

नागौर में मंगलवार को सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) प्रमुख हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में विशाल जन आक्रोश रैली का आयोजन हुआ। रैली में हजारों की संख्या में लोग जुटे। सभा में पूर्व विधायक इंदिरा देवी, नारायण बेनीवाल और कनिका बेनीवाल समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

सभा स्थल पर बेनीवाल का भव्य स्वागत किया गया। युवाओं की भी भारी भीड़ रही, जो उनकी झलक पाने के लिए वाहन की छत तक चढ़ गई। मंच से बोलते हुए सांसद बेनीवाल ने नागौर जिले में “अराजकता और संस्थागत भ्रष्टाचार” के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और भाजपा नेताओं पर बजरी माफिया से सांठगांठ के आरोप लगाए।

बेनीवाल ने राज्य सरकार पर “अभिव्यक्ति की आज़ादी कुचलने” का भी आरोप लगाया और कहा कि RLP कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए नोटिस भेजे गए।

रैली के दौरान सांसद ने छात्र संघ चुनाव कराने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि अगर मांगे नहीं मानी गईं तो वे समर्थकों के साथ धरना जारी रखेंगे।

ज्ञापन में प्रमुख मांगे:

  • मेड़ता-पुष्कर रेलवे भूमि अधिग्रहण में किसानों की आपत्तियों का समाधान
  • थार एक्सप्रेस-वे के लिए हो रहे गलत सर्वे को सार्वजनिक करना
  • नागौर में बढ़ते अपराधों के खुलासे के लिए विशेष टीमें बनाना
  • बजरी माफिया के खिलाफ आंदोलन के बाद दर्ज मुकदमों की डीजी स्तर से जांच
  • स्मार्ट मीटर उपभोक्ता की सहमति के बिना नहीं लगाए जाएं
  • किसानों को लंबित कृषि कनेक्शन जल्द जारी हों
  • सीमेंट कंपनियों की पर्यावरण स्वीकृतियों की समीक्षा
  • प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्लेम शीघ्र दिलाना

सभा में जिला परिषद सीईओ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उपखंड अधिकारी भी पहुंचे। खबर लिखे जाने तक सांसद बेनीवाल समर्थकों के साथ मंच पर डटे रहे और कहा जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, वे नहीं उठेंगे।