भिलाई:शराब घोटाले में भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ED ने किया गिरफ्तार,आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी

Front-Page National

छत्तीसगढ़ के भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राज्य में हुए शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की गई है। हालांकि, अब तक इस गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है

“ED आ गई”, भूपेश बघेल का सरकार पर हमला

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,

“ED आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडाणी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठाना था। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने ED भेज दी है।”

बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे के जन्मदिन के दिन ED की कार्रवाई कर राजनीतिक प्रतिशोध लिया जा रहा है। उन्होंने कहा,

“पिछली बार मेरे जन्मदिन पर ED आई थी, अब बेटे के जन्मदिन पर आई है। मोदी-शाह अपने मालिक को खुश करने के लिए ये सब करवा रहे हैं। लेकिन भूपेश बघेल न झुकेगा और न डरेगा।”

उन्होंने दावा किया कि आज विधानसभा में अडाणी से जुड़े मुद्दों को उठाना था, इसलिए ED की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।


क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला?

छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले को लेकर ED मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। इस मामले में ED ने ACB के जरिए FIR दर्ज कराई, जिसमें करीब 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप लगाया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, इस घोटाले में उस वक्त के IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन MD ए.पी. त्रिपाठी, और व्यवसायी अनवर ढेबर की भूमिका सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन लोगों ने मिलकर एक सिंडिकेट बनाकर शराब बिक्री से जुड़ा बड़ा घोटाला अंजाम दिया

फिलहाल चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर ED की ओर से कोई आधिकारिक बयान या प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है।