राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जमवारामगढ़ क्षेत्र के रायसर थाना इलाके में एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। हादसे के दौरान बस में चीख-पुकार मच गई और कई बच्चे घायल हो गए।
ग्रामीणों ने की बच्चों की मदद
थानाधिकारी रघुवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि यह दुर्घटना रतनपुरा लिंक रोड के छांदोलाई मोड़ के पास हुई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। करीब आधा दर्जन से अधिक बच्चों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
गंभीर चोट की सूचना नहीं
पुलिस के मुताबिक, बस में सवार सभी बच्चे एक निजी स्कूल के छात्र थे। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। रायसर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है।
हाईवे पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी सड़क सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मनोहरपुर-दौसा हाईवे को फोरलेन किया जाए और डिवाइडर लगाया जाए ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हाईवे पर तकनीकी खामियां होने की बात भी सामने आई है, जो बार-बार होने वाले हादसों की वजह बन रही हैं।

