जयपुर:गांधी वाटिका म्यूजियम के दौरे पर बोले अशोक गहलोत—”सरकार प्रचार में खर्च कर रही करोड़ों,तो गांधी म्यूजियम के लिए क्यों नहीं?”

Jaipur Rajasthan

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को जयपुर स्थित सेंट्रल पार्क में गांधी वाटिका म्यूजियम पहुंचे और म्यूजियम के अवलोकन के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने म्यूजियम की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के बेहतरीन संग्रहालयों में शामिल है, लेकिन सरकार इसकी ठीक तरह से प्रचार नहीं कर रही।

गहलोत ने कहा, “गांधी जी की मूर्तियां दुनिया भर में हैं, लेकिन इतना शानदार म्यूजियम देश में कहीं और नहीं बना। हमारी सरकार के समय इस पर विशेष योजना बनाई गई थी कि छात्रों और आमजन को कम से कम एक साल तक निशुल्क प्रवेश दिया जाए, जिससे गांधी के विचार नई पीढ़ी तक पहुंचें।”

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि म्यूजियम के प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाए और पर्यटकों को आकर्षित करने की ठोस रणनीति अपनाई जाए।

ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के दुरुपयोग पर निशाना

रॉबर्ट वाड्रा और कांग्रेस नेताओं पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर गहलोत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “दस साल की जांच के बाद अचानक चार्जशीट और गिरफ्तारी? यह तरीका गलत है। संसद में दिए गए जवाब के अनुसार, 193 मामलों में से सिर्फ दो ही साबित हुए हैं। बाकी मामलों में लोगों के साथ अन्याय हुआ है।”

गहलोत ने ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स विभाग को लोकतंत्र की जरूरी संस्थाएं बताते हुए कहा कि इनका राजनीतिक दुरुपयोग बेहद खतरनाक है और इससे इनकी साख को नुकसान पहुंच रहा है।

अहमदाबाद विमान हादसे पर ज्यूडिशियल जांच की मांग

अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बावजूद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। “मुझे लगता है कि सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक न्यायिक आयोग गठित किया जाना चाहिए जिसमें एयरफोर्स और एविएशन क्षेत्र के विशेषज्ञों को शामिल किया जाए।”

कन्हैयालाल हत्याकांड पर गृह मंत्री की चुप्पी पर सवाल

गहलोत ने कन्हैयालाल हत्या मामले को लेकर भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “तीन साल हो गए, न एनआईए की सुनवाई हो रही है, न सरकार कोई जवाब दे रही है। गृह मंत्री की जिम्मेदारी बनती है कि वे जवाब दें।”
उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना को कांग्रेस को बदनाम करने के लिए राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया और अब जब चुनाव बीत चुके हैं, तो सरकार चुप है।

गहलोत ने कहा, “बीजेपी के नेता घटना के वक्त जयपुर छोड़कर भाग गए थे। अब जब दोनों आरोपी बीजेपी से जुड़े पाए गए हैं, तो जांच को जानबूझकर धीमा किया जा रहा है।”

समापन में गहलोत ने दोहराया कि गांधी के विचार आज की हिंसात्मक और नफरत भरी राजनीति में पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरी हैं, और म्यूजियम जैसे स्थलों को बढ़ावा देना सरकार की जिम्मेदारी है।