मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 544/7 रन बनाकर 186 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। कप्तान बेन स्टोक्स 77 रन और लियम डॉसन 21 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि जो रूट ने शानदार 150 रन की पारी खेली।
रूट ने पहले ओली पोप (71 रन) के साथ 144 रनों की अहम साझेदारी की, फिर कप्तान स्टोक्स के साथ 142 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को मज़बूती दी।
भारतीय गेंदबाज़ों में वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अंशुल कम्बोज को एक-एक विकेट मिला। भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे।
जो रूट के रिकॉर्ड:
- रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर (15,921 रन) हैं।
- उन्होंने टेस्ट करियर का 38वां शतक जड़ा और इस मामले में कुमार संगाकारा के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
- रूट 50 से ज्यादा रन बनाने के मामले में अब 104 बार यह कारनामा कर चुके हैं, इस सूची में वे रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दूसरे स्थान पर हैं।
- ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर एक हजार टेस्ट रन बनाने वाले रूट दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कम्बोज।
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, लियम डॉसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स।

