ओवल टेस्ट:इंग्लैंड जीत से 35 रन दूर,भारत को चाहिए 4 विकेट,खराब रोशनी ने रोका खेल

Front-Page Sports

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल खराब रोशनी के चलते समय से पहले समाप्त कर दिया गया। स्टंप्स तक इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 339 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए अब सिर्फ 35 रनों की जरूरत है। वहीं भारत को मैच ड्रॉ कराने के लिए 4 विकेट निकालने होंगे।

374 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लिश टीम के लिए जो रूट (105) और हैरी ब्रूक (111) ने शानदार शतक जड़े। फिलहाल जैमी स्मिथ 2 और जैमी ओवर्टन शून्य पर नाबाद हैं।

दिन की शुरुआत में इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए रन जोड़े, लेकिन लंच से पहले मोहम्मद सिराज ने ओली पोप (27) को और प्रसिद्ध कृष्णा ने बेन डकेट (54) को आउट कर भारत को दो सफलताएं दिलाईं। प्रसिद्ध कृष्णा अब तक 3 और मोहम्मद सिराज 2 विकेट ले चुके हैं।

इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी में 396 रन बनाए थे। इंग्लैंड पहली पारी में 247 रन पर सिमट गया था, जिससे उसे पहली पारी में 23 रनों की बढ़त मिली। भारत की पहली पारी 224 रन पर सिमटी थी।

सीरीज में बना नया रिकॉर्ड

  • टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक सीरीज में 9 बल्लेबाजों ने 400 या उससे अधिक रन बनाए हैं – भारत के 5 और इंग्लैंड के 4 खिलाड़ी इसमें शामिल हैं।
  • यह टेस्ट इतिहास की दूसरी सीरीज है, जिसमें 7,000 से ज्यादा रन बने हैं। इससे पहले 1993 की एशेज सीरीज में 6 टेस्ट में 7,221 रन बने थे।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: ओली पोप (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जैमी ओवर्टन, जोश टंग।