NDA सांसदों की बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर PM मोदी का सम्मान,विपक्ष पर भी साधा निशाना

Front-Page National

दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ की सफलता पर सम्मानित किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मान दिया, जबकि सांसदों ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।

बैठक में पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा की मांग कर विपक्ष ने खुद की ही फजीहत करवा ली। प्रधानमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा, “विपक्ष अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारने में माहिर है। वो रोज ऐसी चर्चाएं कराएं, हम इस फील्ड में माहिर हैं।”

मोदी ने बिहार में वोटर्स लिस्ट रिविजन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर भी चिंता जताई और कहा कि देश की जनता सब देख रही है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भी प्रशंसा की, उन्हें देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गृह मंत्री के रूप में सराहा।

बैठक में NDA सांसदों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें कहा गया कि भारत आतंकवाद को न भूलता है, न माफ करता है। इस प्रस्ताव में भारत की सैन्य शक्ति और नेतृत्व की सराहना की गई।

क्या हैं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’?

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में 7 मई को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया, जिसके तहत पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए।

इसके बाद, 28 जुलाई को श्रीनगर में हुए ‘ऑपरेशन महादेव’ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन सीनियर कमांडरों को मार गिराया गया। ये कमांडर पहलगाम हमले में शामिल बताए गए थे।

गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में बताया कि आतंकियों की पहचान पाकिस्तानी वोटर ID और चॉकलेट्स जैसी चीजों से की गई। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन महादेव’ की योजना मई में शुरू हुई थी और तीन महीने की तैयारी के बाद इसे अंजाम दिया गया।

बैठक की खास बातें:

  • मानसून सत्र शुरू होने के बाद NDA सांसदों की यह पहली बैठक थी।
  • सभी सांसदों को NDA सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित किताब ’11 साल, 11 बड़े फैसले’ दी गई।
  • PM मोदी ने नए सांसदों से भी मुलाकात की।

इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और NDA के अन्य नेता मौजूद रहे।