फतेहपुर में मकबरे पर भगवा झंडा,बवाल के बाद हालात तनावपूर्ण

Breaking-News Front-Page National

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ज़िले में ईदगाह परिसर में बने एक मकबरे पर भगवा झंडा लगाने को लेकर बवाल हो गया। घटना सोमवार सुबह अबूनगर इलाके में हुई, जब हिंदू संगठनों के लोग मकबरे को मंदिर बताते हुए वहां तोड़फोड़ करने लगे और छत पर चढ़कर भगवा झंडा लगा दिया।

मकबरे पर झंडा लगने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों को खदेड़ा। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स, डीएसपी गौरव शर्मा, एएसपी महेंद्र पाल सिंह और एडीएम अवनीश त्रिपाठी मौजूद रहे।

तनाव के बीच हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पास के डाक बंगला चौराहे पर जाम लगा दिया और सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।

प्रशासन के मुताबिक, मठ मंदिर संघर्ष समिति ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि यह स्थल मकबरा नहीं बल्कि ठाकुर जी का मंदिर है और यहां जन्माष्टमी मनाने की घोषणा की थी। घटना के मद्देनज़र बांदा और कौशांबी से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है।