जयपुर के प्रसिद्ध मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में बुधवार से भगवान श्रीगणेशजी महाराज का नौ दिवसीय जन्मोत्सव आरंभ हो गया। पहले ही दिन सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और मंदिर परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर में सजे सवा लाख मोदकों की झांकी मुख्य आकर्षण रही। विशेष रूप से 251-251 किलो के दो विशाल मोदक, 51 किलो के 5 मोदक, 21 किलो के 21 मोदक और 1.25 किलो के 1100 मोदक भगवान को अर्पित किए गए। इसके अलावा हजारों छोटे मोदकों से भी भगवान गणेश का श्रृंगार किया गया।
इन मोदकों को तैयार करने में 14,600 किलो सामग्री का उपयोग हुआ, जिसमें 2,500 किलो घी, 3,000 किलो बेसन, 9,000 किलो चीनी और 100 किलो मेवा शामिल थे। गणपति को माणक-पन्ना जड़ित विशेष मुकुट से सजाया गया।
श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप निशुल्क मोदक वितरित किए गए, जिन्हें भक्तों ने आशीर्वाद मानकर ग्रहण किया।

