कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को विधानसभा में बहस के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का एंथम गाकर सभी को हैरान कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब भाजपा विधायक आर अशोक ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए शिवकुमार पर निशाना साधा।
आर अशोक के आरोपों के जवाब में शिवकुमार ने कहा कि उन्हें भाजपा की रणनीतियों की पूरी जानकारी है। बहस के दौरान उन्होंने अचानक आरएसएस एंथम की कुछ पंक्तियां गाईं। यह कदम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे राजनीतिक अटकलों को हवा मिली कि शिवकुमार भविष्य में भाजपा का रुख कर सकते हैं।
कांग्रेस खेमे में इस घटना के बाद सन्नाटा छा गया, जबकि विपक्षी भाजपा सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया। भाजपा विधायक वी. सुनील कुमार ने तंज कसते हुए कहा, “उम्मीद है कि ये पंक्तियां रिकॉर्ड से नहीं हटाई जाएंगी।”
विधानसभा में जारी मानसून सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री सिद्धारमैया इस भगदड़ पर अपना जवाब देंगे। 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई इस घटना में 11 लोगों की मौत हुई थी। भाजपा का आरोप है कि शिवकुमार खुद आरसीबी टीम का स्वागत करने गए थे और पूरे रास्ते में कन्नड़ झंडा लहराकर भीड़ को उकसाया था।
शिवकुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “ऐसी दुर्घटनाएं अन्य राज्यों में भी हुई हैं। जरूरत पड़ी तो मैं वहां की घटनाएं भी बताऊंगा।”
राजनीतिक गलियारों में अब यह बहस तेज हो गई है कि क्या शिवकुमार का यह कदम मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के लिए चेतावनी है या भाजपा की ओर कोई इशारा।

