राजधानी दिल्ली स्थित संसद भवन की सुरक्षा में गुरुवार सुबह एक बड़ी चूक सामने आई। एक युवक पेड़ की मदद से दीवार कूदकर संसद परिसर में घुस गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई। आरोपी रेल भवन के पास पेड़ पर चढ़कर संसद की दीवार फांदकर अंदर घुसा और परिसर में स्थित गरुड़ पोस्ट तक पहुंच गया। घटना के समय संसद का मानसून सत्र समाप्त हो चुका था और भवन में कोई सांसद मौजूद नहीं था।
यह कोई पहली घटना नहीं है। 16 अगस्त 2024 को भी संसद परिसर में घुसपैठ की कोशिश हुई थी। उस समय एक युवक दिनदहाड़े इम्तियाज खान मार्ग की तरफ से दीवार फांदकर संसद एनेक्सी भवन में दाखिल हो गया था। सीआईएसएफ जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया था। बाद में जांच में पता चला था कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी मनीष के रूप में हुई थी।
ताजा घटना के बाद संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसकी पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।

