उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही हुई। यह घटना रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। हादसे में दो गांव – सागवाड़ा और चेपड़ों – सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि थराली तहसील मुख्यालय से एक किलोमीटर के दायरे में कई जगहों पर पानी और मलबे ने तबाही मचाई, क्योंकि स्थानीय नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
चेपड़ों गांव में एक व्यक्ति लापता है, जबकि सागवाड़ा में एक घर पर मलबा गिरने से एक लड़की दब गई। दोनों गांवों में 70-80 घरों में करीब दो फीट तक मलबा भर गया है।
यातायात भी प्रभावित हुआ है। कर्णप्रयाग-ग्वालदम नेशनल हाईवे मिंग गधेरा के पास मलबा आने से बंद कर दिया गया है।
उधर, मौसम विभाग ने शनिवार को 19 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़, बारां, टोंक, सवाई माधोपुर, झालावाड़, कोटा, बूंदी, डूंगरपुर और भीलवाड़ा में शनिवार को सभी स्कूल बंद रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश में भी स्थिति चिंताजनक है। 23 से 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य में अब भी 347 सड़कें बंद हैं, जिनमें नेशनल हाईवे-305 भी शामिल है। 20 जून से मानसून शुरू होने के बाद अब तक 295 मौतें हो चुकी हैं।

