जयपुर में गोपालपुरा पुलिया के पास भटके एक नर तेंदुए को वन विभाग की टीम ने रविवार सुबह सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया। लगभग 10 से 12 महीने का यह तेंदुआ भोजन और अपनी मां की तलाश में वन क्षेत्र से निकलकर रिहायशी इलाके तक पहुंच गया था।
गुरुवार शाम एनबीसी फैक्ट्री क्षेत्र में इसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन विभाग ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। शनिवार रात लगाए गए पिंजरे और एक्सपर्ट ट्रेंकुलाइजर डॉक्टर अरविंद माथुर की देखरेख में रविवार तड़के इसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
फिलहाल तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है और झालाना लेपर्ड रिजर्व में निगरानी में रखा गया है। वन विभाग अब उस मादा तेंदुए की तलाश में जुटा है, जिसका मूवमेंट हाल के दिनों में एमएनआईटी परिसर में देखा गया है। अधिकारियों का मानना है कि यही मादा तेंदुआ इस नर तेंदुए की मां हो सकती है।

