अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में भव्य स्वागत, 18 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद पहली बार पहुंचे अपने शहर

Front-Page National

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 18 दिन बिताने वाले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला बुधवार को पहली बार अपने गृह नगर लखनऊ पहुंचे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर हजारों लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और पूरा माहौल भारत माता की जय और ढोल-नगाड़ों से गूंज उठा।

शुभांशु के साथ उनकी पत्नी कामना और छह वर्षीय बेटा किआश भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर स्कूली बच्चों ने एस्ट्रोनॉट की वेशभूषा में उनका अभिनंदन किया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने व्यक्तिगत रूप से उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद शुभांशु पहले थार जीप और फिर रथ पर सवार होकर रोड शो करते हुए अपने पुराने स्कूल, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल पहुंचे। रास्तेभर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोपहर में वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और फिर लोकभवन में यूपी सरकार द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे।

Axiom-4 मिशन के तहत शुभांशु 20 दिन अंतरिक्ष में रहे और 15 जुलाई 2025 को धरती पर लौटे थे। 18 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी थी। लगभग 18 महीने बाद लखनऊ लौटे शुभांशु के घर और आसपास के इलाकों का पहले ही नवीनीकरण कराया गया था।