एसआई भर्ती रद्द होने पर किरोड़ी मीणा ने जताई खुशी,युवाओं और आरएलपी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

Jaipur Rajasthan

जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा 2021 की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद राजनीतिक हलचल और जश्न का माहौल देखने को मिला।

राज्य के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस भर्ती को लेकर उन्होंने कई आंदोलन किए थे। उन्होंने कोर्ट के फैसले को “सच की जीत” बताते हुए कहा, “सरकार ने केवल 58 फर्जी सब-इंस्पेक्टर को पकड़ा था, लेकिन मेरे पास मौजूद दस्तावेजों के मुताबिक 50% से ज्यादा अभ्यर्थियों ने फर्जीवाड़े से चयन पाया था।”

उन्होंने कहा कि अगर ऐसे लोग सेवा में आते तो प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ सकती थी। “फैसला देर से जरूर आया है, लेकिन सही हुआ है,” उन्होंने जोड़ा।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद जयपुर में शहीद स्मारक पर धरना दे रहे युवाओं ने भी खुशी जाहिर की। प्रदर्शनकारी युवाओं ने कहा कि चार साल की मेहनत रंग लाई है और इसे “बेरोजगार युवाओं की जीत” बताया।

वहीं नागौर में आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल के घर के बाहर आतिशबाजी की गई। बेनीवाल लंबे समय से इस भर्ती को रद्द करने की मांग कर रहे थे।