शेखावत का राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना,कहा-‘परिवारवाद की राजनीति बनाम गरीब माँ के संस्कार’

National Politics

जोधपुर, 28 अगस्त। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखते हुए शेखावत ने कहा कि “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को राजनीतिक ताकत अपने परिवार से विरासत में मिली है, इसलिए उनकी सोच गरीब विरोधी हो गई है। दोनों राजनीति और सत्ता को अपना खानदानी हक मानते हैं। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साधारण और गरीब माँ के बेटे हैं, जिन्होंने संघर्ष और संस्कार से बेटे में राष्ट्रसेवा की भावना भरी।”

उन्होंने आगे लिखा कि परिवारवाद की छाया में पले नेता कभी भी उस गरीब माँ की तपस्या को नहीं समझ सकते, क्योंकि उन्हें भारतीय संस्कृति और संस्कारों की सही समझ नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता पर विपक्षी नेताओं की टिप्पणी को लेकर शेखावत ने कहा, “भारतीय संस्कारों में पला-बढ़ा कोई भी व्यक्ति माँ के लिए अपशब्द का इस्तेमाल नहीं करता। प्रधानमंत्री मोदी जी की पूज्य माता जी के बारे में अपमानजनक बातें कहना, इन नेताओं के संस्कारों की कमी को दर्शाता है।”