समस्तीपुर में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि “राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव के बेटे बिहार में दंगा कराना चाहते हैं। राहुल गांधी देश और प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं, जबकि उनके परिवार ने 50 साल सत्ता में रहते हुए भी गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर नहीं उठाया।”
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बिहार दौरे पर भी गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष उन्हें बुलाकर बिहार का अपमान करना चाहता है।
बिहार को तीसरी रेल लाइन की सौगात
वहीं चुनावी साल में केंद्र सरकार ने बिहार के लिए बड़ी रेल परियोजना को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भागलपुर-जमालपुर के बीच तीसरी रेल लाइन बनाने का निर्णय लिया गया।
यह 53 किलोमीटर लंबी लाइन 1,156 करोड़ रुपये की लागत से तीन साल में तैयार की जाएगी। फिलहाल इस रूट पर दो लाइनें हैं, जिन पर रोजाना 40-45 मालगाड़ियां चलती हैं। नई लाइन बनने से ट्रेनों का दबाव कम होगा और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
बैठक में कुल 12,328 करोड़ रुपये की चार रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें गुजरात के कच्छ क्षेत्र में 2,526 करोड़ रुपये की लागत से देशलपर-हाजीपीर-लूना और वयोर-लाखपत नई रेल लाइनें भी शामिल हैं।

