सूर्यनगरी में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज,केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया उद्घाटन,उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रहीं मुख्य अतिथि

Front-Page Jodhpur Rajasthan

जोधपुर, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज सांसद खेल महोत्सव 2025 का सॉफ्ट लॉन्च जोधपुर में एक भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में आयोजित इस आयोजन में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अध्यक्ष तथा उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समारोह में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली, फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, नगर निगम (दक्षिण) महापौर वनिता सेठ, राजेंद्र पालीवाल तथा जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल,जिला परिषद के सीईओ आशीष मिश्रा, महेन्द्र मेघवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह का आगाज़
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद जी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात सांसद खेल महोत्सव का ध्वज फहराया गया। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई, जबकि खिलाड़ियों ने ओलंपिक परंपरा के अनुरूप मशाल प्रज्ज्वलित कर पूरे मैदान का परिक्रमा किया और खेल भावना का संदेश दिया।

मोदी जी का संदेश है खेलोगे तो खिलोगे, भारत खेलेगा तो आगे बढ़ेगा – शेखावत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री तथा सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा –“राष्ट्रीय खेल दिवस पर, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की पुण्य स्मृति में, सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करना अपने आप में एक गौरवशाली क्षण है। यह आयोजन मात्र प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की फिट इंडिया और खेलो इंडिया की भावना को धरातल पर उतारने का माध्यम बनेगा।

इस महोत्सव की सबसे बड़ी शक्ति इसकी व्यापकता है – यह गाँव से शुरू होकर पंचायत समिति, विधानसभा, जिला और अंततः लोकसभा स्तर तक पहुँचता है। इसमें एथलेटिक्स (100, 200, 400, 800 और 3000 मीटर दौड़), कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, योगासन और परंपरागत खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि छोटे बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों तक के लिए अवसरों का द्वार खोलेगा।

प्रधानमंत्री जी सदैव कहते हैं – ‘खेलोगे तो खिलोगे, भारत खेलेगा तो आगे बढ़ेगा।’ यह महोत्सव इसी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। खेल से मिलने वाली टीम भावना, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जीवन के हर क्षेत्र में हमें सफल बनाते हैं।

मैं प्रदेश के प्रत्येक युवा, खिलाड़ी और नागरिक से आग्रह करता हूँ कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन पंजीकरण कर इस महोत्सव का हिस्सा बनें और इस अभियान को सचमुच का राष्ट्रीय उत्सव बनाएँ।”

उप मुख्यमंत्री का संदेश

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि “जीतना ही सबसे बड़ा लक्ष्य नहीं है, बल्कि खेलों में भाग लेना ही सच्ची उपलब्धि और खेल भावना का प्रतीक है।”

राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत का उद्बोधन

राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छुपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि “यह आयोजन केवल खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। मुझे विश्वास है कि यह महोत्सव राजस्थान को नई खेल पहचान देगा और भविष्य के चैंपियंस तैयार करेगा।”

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल का विस्तृत संबोधन
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने अपने संबोधन में कहा – “खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। ये केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली शक्ति हैं। खेल हमें हार-जीत से ऊपर उठकर टीमवर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास का महत्व सिखाते हैं।

सांसद खेल महोत्सव का आयोजन इस मायने में ऐतिहासिक है कि इसमें गाँव-गाँव के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता केवल खिलाड़ी तैयार नहीं करेगी, बल्कि मजबूत और सशक्त समाज निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे बड़े उत्साह के साथ इसमें भाग लें, ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करवाएँ और इस महोत्सव को एक जनआंदोलन का स्वरूप दें।

ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया
सांसद खेल महोत्सव 2025 में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण हेतु https://sansadkhelmahotsav.in/ पर रजिस्ट्रेशन उपलब्ध है। अंतिम तिथि 20 सितम्बर 2025 है।

महोत्सव का महत्व
यह महोत्सव खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने, परंपरागत खेलों को प्रोत्साहित करने और समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं भाईचारे का संदेश फैलाने का एक जनांदोलन बनेगा।