एशिया कप 2025: भारत ने UAE को 10 विकेट से हराकर बनाई सबसे तेज़ जीत का नया रिकॉर्ड

Front-Page National Sports

भारत ने एशिया कप 2025 की धमाकेदार शुरुआत करते हुए बुधवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में UAE को 10 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया ने 58 रन का टारगेट सिर्फ 27 गेंदों (4.3 ओवर) में हासिल कर लिया। यह अंतरराष्ट्रीय टी-20 में भारत का सबसे तेज रन चेज है।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने UAE को 13.1 ओवर में 57 रन पर समेट दिया। आलिशान शराफू (22) और कप्तान मोहम्मद वसीम (19) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज़ टिक नहीं पाया। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। शिवम दुबे ने 3 विकेट, जबकि अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तूफानी शुरुआत की। अभिषेक शर्मा 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शुभमन गिल 20 रन पर नाबाद लौटे।

गेंदें बाकी रहते भारत की सबसे बड़ी जीत

UAE के खिलाफ यह जीत भारत के लिए गेंदें बाकी रहते सबसे बड़ी जीत साबित हुई। टीम इंडिया ने 93 गेंदें शेष रहते मैच अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने 2021 में दुबई में ही स्कॉटलैंड को 81 गेंदें बाकी रहते हराया था।

टेस्ट खेलने वाले देशों में गेंदें बाकी रहते यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने ओमान को 19 गेंदों (101 गेंद शेष) में हराया था, जबकि 2014 में श्रीलंका ने नीदरलैंड को 90 गेंदें बाकी रहते शिकस्त दी थी।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
UAE: मोहम्मद वसीम (कप्तान), आलिशान शराफू, राहुल चोपड़ा, आसिफ खान, ध्रुव पराशर, हर्षित कौशिक, मोहम्मद जोहेब, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी, मोहम्मद रोहिद, सिमरजीत सिंह।