जोधपुर में प्रथम चैलेंज कप बास्केटबॉल टूर्नामेंट शुरू,केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बास्केट रिंग में बॉल डालकर किया शुभारंभ

Jodhpur Rajasthan Sports

जोधपुर, 10 सितंबर। सूर्यनगरी में बुधवार को पहली बार राष्ट्रीय स्तर के “प्रथम जोधपुर चैलेंज कप बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2025” का आगाज हुआ। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बास्केट रिंग में बॉल डालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

शेखावत ने बताया कि टूर्नामेंट में राजस्थान सहित देश की शीर्ष टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट 10 से 14 सितंबर तक आयोजित होगा। इसमें खेल प्रेमियों को शानदार मुकाबले देखने को मिलेंगे। शेखावत ने खिलाड़ियों का परिचय किया और जिला बास्केटबॉल संघ का अध्यक्ष होने के नाते सभी का आत्मीय स्वागत अभिनंदन किया। अपने युवावस्था को याद करते हुए शेखावत ने कहा कि जब वह बास्केटबॉल प्लेयर थे और बाहर टूर्नामेंट खेलने जाते थे, उन्हें 20-25 रुपए ही मिलते थे। जूते के नाम पर पीटी शूज मिला करते थे।

उद्घाटन के बाद प्रथम मुकाबला मेजबान जोधपुर और यंग ओरियनस टीम के बीच खेला गया, जो बेहद रोचक रहा।

इस दौरान राजस्थान सरकार के उद्योग वाणिज्य एवं खेल मामलात मंत्री केके विश्नोई, एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. गोवर्धन दत्त पुरी, संघ के सचिव देवेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ अनेक ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों की उपस्थिति रही।