जयपुर, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के लिए जीरियाट्रिक हैल्थ केयर को मजबूत किया जा रहा है। इसी दिशा में बजट घोषणा के तहत आरयूएचएस, जयपुर में स्थापित जीरियाट्रिक हैल्थ केयर रिसोर्स एण्ड ट्रेनिंग सेन्टर में प्रथम कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 80 चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया तथा वृद्धजनों की देखभाल से संबंधित नवीनतम चिकित्सा प्रोटोकॉल और व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जीरियाट्रिक केयर के क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी एवं ब्रॉड स्पेशियलिटी के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जानकारी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध करवाना तथा राज्य स्तर पर जेरियाट्रिक हेल्थ केयर की सुदृढ़ व्यवस्था विकसित करना है।

