रोजगार सहायता शिविर में 295 युवाओं को मिला रोजगार,युवाओं और कंपनियों के बीच सेतु बना शिविर-जिला कलक्टर श्वेता चौहान

Rajasthan Rajasthan-Others

फलौदी,15 अक्टूबर। रोजगार सहायता शिविर बुधवार को राजकीय प्रोद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान फलोदी में आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया तथा रोजगार प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने पंजीकरण काउंटरों एवं परामर्श डेस्क का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। शिविर में 505 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन किया। इस दौरान 295 युवाओ को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ।

शिविर में संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि, “राज्य सरकार द्वारा संचालित रोजगार सहायता शिविर कार्यक्रम युवाओं और कंपनियों के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। इन शिविरों के माध्यम से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप संस्थान चुनने का अवसर भी मिल रहा है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयं को रोजगारोन्मुख बनाएं।

जिला रोजगार अधिकारी मनीष थोरी ने कहा कि जिले में आज से पहले तीन रोजगार शिविर आयोजित हो चुके हैं जिनमें 1839 युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। प्रथम शिविर में 1103, द्वितीय शिविर में 452 व तृतीय शिविर में 284 युवाओं को रोजगार मिला। कार्यक्रम में अधीक्षक विक्रम सिंह,संयुक्त निदेशक गोरी शंकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।