टोंक। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व उपमुख्यमंत्री और टोंक विधायक सचिन पायलट ने मंगलवार को टोंक में आधुनिक सिंथेटिक रनिंग ट्रैक और मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना टोंक के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात है, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा।
पायलट ने कहा, “हमने जो सपना टोंक के युवाओं के लिए देखा था, आज वह साकार हुआ है। अब यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टोंक का नाम रोशन करेंगे।” उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर इस तरह की अत्याधुनिक रनिंग ट्रैक की सुविधाएं बहुत कम स्थानों पर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पायलट ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए कहा कि इससे निपटने के लिए सिर्फ सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और परिवारों की भूमिका भी अहम है।
उन्होंने कहा, “नशे की लत से पीड़ित व्यक्ति का परिवार अक्सर शर्म या डर से बात छिपाने की कोशिश करता है, जिससे समस्या और बढ़ जाती है। हमें मिलकर ऐसी पीढ़ी तैयार करनी है जो स्वस्थ, सशक्त और नशे से मुक्त हो।”
पायलट ने कहा कि इंडोर स्टेडियम और रनिंग ट्रैक जैसी खेल सुविधाएं युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने में सहायक होंगी और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करेंगी।

