जोधपुर। जैसलमेर के पास मंगलवार को हुई भीषण बस आगजनी की घटना के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल बुधवार को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में झुलसे घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दिवंगतों के परिजनों को सांत्वना दी।
सांसद बेनीवाल ने सरकार से मांग की कि हादसे में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए और घायलों का उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों में निशुल्क इलाज कराया जाए। साथ ही उन्होंने इस घटना पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई।
बेनीवाल ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि “जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की पत्नी बीमार हुईं तो उन्हें एयरलिफ्ट किया गया, लेकिन इस भीषण हादसे में झुलसे नागरिकों को तत्काल एयरलिफ्ट नहीं किया गया। जैसलमेर में सेना के हवाई अड्डे पर हेलीकॉप्टर और चार्टर प्लेन उपलब्ध थे, फिर भी घायलों को पाँच घंटे तक तड़पने के बाद ही जोधपुर लाया गया।”
उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “वे अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं हैं। सवाई मानसिंह अस्पताल में आग लगने की घटना के समय भी वे घंटों बाद पहुंचे थे।”
सांसद बेनीवाल ने यह भी कहा कि राज्य सरकार को सभी बसों की तकनीकी और सुरक्षा मानकों की सघन जांच करनी चाहिए, खासकर उन स्लीपर बसों की जो बिना नियमों के संशोधित कर सड़क पर उतारी जा रही हैं।

