कोटा। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री और रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने दीपावली के अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। मंत्री दिलावर ने लखारिया में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया, जो पंचायती राज विभाग द्वारा सीएसआर फंड से तैयार कराया गया है। इस मौके पर ग्राम पंचायत सरपंच धर्मराज धाकड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसी दौरान, उन्होंने पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जुल्मी परिसर में विधायक कोष से स्वीकृत ₹5 लाख की लागत से बने टीन शेड का उद्घाटन किया। मंत्री ने राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली बुरानखेड़ी विद्यालय की छात्र टीम का अभिनंदन भी किया।
दीपावली के मौके पर दिलावर ने रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के लिए एक और सौगात दी — चेचट से कोटा तक राजस्थान रोडवेज की सीधी बस सेवा शुरू की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस रूट पर सीधी बस सेवा की मांग कर रहे थे। बस सेवा की शुरुआत से स्थानीय निवासियों को कोटा आने-जाने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर दिलावर ने कहा, “विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी हमारी प्राथमिकता है। आने वाले वर्षों में रामगंजमंडी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा।”
मंत्री ने ग्रामीण सेवा शिविरों में 14 पात्र लोगों को आवासीय पट्टे वितरित किए और जुल्मी व लखारिया पंचायतों में कुल 56 जनहित आवेदन निस्तारित किए। इसके साथ ही दो सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए ₹20 लाख और इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण के लिए ₹11 लाख की स्वीकृति दी।
इस बीच, रामगंजमंडी क्षेत्र में वितरित की जा रही विकास पुस्तिका “रामगंजमंडी जनसेवा और विकास” की भी चर्चा जोरों पर है। इसमें पिछले दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा और आगामी योजनाओं का रोडमैप शामिल है।
दिलावर ने बताया कि आने वाले समय में रामगंजमंडी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, टाउन हॉल, खेल मैदान और सार्वजनिक पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम शुरू किया जाएगा।

